भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने सूबे की जमीनी हकीकत जानने के लिए प्रदेश का दौरा करने का फैसला किया है। पहले चरण में वे भाजपा के सांगठनिक लिहाज से गठित सभी क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ व पहुंच को परखेंगे। इससे निकले निष्कर्षों के आधार पर आगे की रणनीति तय करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, माथुर 15 से 21 जनवरी तक प्रदेश में रहेंगे। इस दौरान वे सभी क्षेत्रों के प्रमुख पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलकर उनसे लोकसभा चुनाव और विधानसभा के पिछले चुनाव के आधार पर पार्टी की स्थिति के बारे में जानकारी लेंगे।
निकट भविष्य में होने वाले पंचायतों के चुनाव और उसके बाद प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की संभावनाओं पर भी चर्चा करेंगे।
इन बातों पर रहेगा जोर : दौरे में माथुर का जोर खास तौर से इस बात पर रहेगा कि विधानसभा चुनाव से लोकसभा चुनाव के बीच मतों में बढ़ोतरी के प्रमुख कारण क्या रहे।
मोदी के नेतृत्व में बदलाव की बयार में इलाके के कौन-कौन प्रमुख लोग पार्टी में आए और इससे क्या परिवर्तन हुआ। वे यह जानने की भी कोशिश करेंगे कि सामाजिक समीकरणों के मद्देनजर रणनीति में किसी बदलाव की जरूरत तो नहीं है।