नरेश अग्रवाल, शिवप्रताप शुक्ल और संजय सेठ।
- फोटो : amar ujala
सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व राज्यसभा सदस्य नरेश अग्रवाल, भाजपा के मौजूदा राज्यसभा सदस्य शिवप्रताप शुक्ला, संजय सेठ, जफर इस्लाम और जय प्रकाश निषाद को फिर राज्यसभा का टिकट मिल सकता है। योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 के गठन के बाद मुख्यमंत्री आवास पर पहली बार आयोजित हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों के पैनल पर मुहर लगी।
सूत्रों के अनुसार राज्यसभा चुनाव में पार्टी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। इनमें से चार से पांच उम्मीदवार यूपी से होंगे जबकि तीन से चार उम्मीदवार केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। इनमें दूसरे प्रदेशों के नेताओं को भी यूपी से राज्यसभा भेजा जा सकता है। बैठक में मौजूदा राज्यसभा सदस्य जफर इस्लाम, शिव प्रताप शुक्ला, सुरेंद्र सिंह नागर, संजय सेठ और जय प्रकाश निषाद का नाम पैनल में भेजने पर सहमति बनी। वहीं भाजपा नेता नरेश अग्रवाल को भी राज्यसभा टिकट देने पर सहमति बनी। पार्टी का मानना है कि नरेश अग्रवाल ने विधानसभा चुनाव में वैश्य समाज को भाजपा के समर्थन में लामबंद करने में अहम भूमिका निभाई।
विधानसभा चुनाव में सदस्यता अभियान की सफलता का सेहरा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी और प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह के सिर बंधा। लक्ष्मीकांत बाजपेयी को अब राज्यसभा भेजा जा सकता है। दलित महिला कोटे से प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत को भी राज्यसभा भेजा जा सकता है। पश्चिमी यूपी में जाट और जाटव वोट बैंक को साधने के लिए एक जाट या एक जाटव नेता को भी राज्यसभा टिकट दिया जा सकता है। प्रदेश भाजपा की ओर से करीब 14 दावेदारों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।
बैठक में विधान परिषद में मनोनीत कोटे की छह सीटों पर प्रदेश सरकार के पांच मंत्रियों को मनोनीत कराने के साथ विधानसभा चुनाव में टिकट से वंचित रहे कार्यकर्ताओं को मौका देने पर चर्चा हुई। बैठक में 29 मई को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे पर मंथन हुआ। मोदी सरकार के आठ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले आठ साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण अभियान में सरकार और संगठन के स्तर से होने वाले कार्यक्रमों की योजना भी बनाई गई। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल मौजूद थे।