समर्थकों के साथ गंदे पानी में कुर्सी डालकर बैठे भाजपा पार्षद।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ। मौलवीगंज वार्ड में सुरंग वाला नाला चोक होने से रविवार को रास्ते में जलभराव हो गया। इससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया। कई वाहन चालक लड़खड़ाकर गिरे भी। जलभराव की जानकारी के बाद क्षेत्रीय भाजपा पार्षद मुकेश सिंह मोंटी ने नगर निगम जोन दो के जोनल अभियंता से शिकायत की, मगर उन्होंने टीम नहीं भेजी। अन्य कर्मचारियों को भी जानकारी दी, मगर समस्या दूर नहीं हुई।
इससे नाराज पार्षद नाले के गंदे पानी में ही कुर्सी डालकर धरने पर बैठ गए। मोंटी ने बताया कि जब जोन दो के अधिकारियों ने समस्या नहीं सुनी तो जोन एक के इंजीनियर को समस्या की जानकारी दी, क्योंकि मौलवीगंज वार्ड जोन एक में आता है। इसके बाद इंजीनियर ने मौके पर टीम को भेजकर समस्या दूर कराई। इस बीच करीब पौन घंटे तक पार्षद समर्थक और स्थानीय लोगों के साथ गंदे पानी के बीच बैठकर विरोध जताते रहे।
मोंटी ने बताया कि जोन दो में राजेंद्रनगर के पास नाले की सफाई की गई और कूड़ा जोन एक की तरफ नाले में डाल दिया गया। इससे मौलवीगंज में सुरंग वाला नाला चोक होने से जलभराव हो गया। जोनल इंजीनियर को नाला सफाई कराने के बाद कूड़ा उठवाना चाहिए था, न की उसे दूसरी ओर डलवाना चाहिए था। पार्षद ने कहा कि जोन दो के इंजीनियर की इस लापरवाही की नगर आयुक्त से शिकायत की जाएगी। सदन में भी मामले को उठाया जाएगा।