मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते वक्त अखिलेश संविधान बचाने की नहीं बल्कि आतंकियों को बचाने की कसम खाते हैं। अखिलेश को आतंकियों, माफियाओं और उनके परिजनों से ज्यादा लगाव है। भाजपा ने प्रदेश में गुंडों का सफाया किया है। गुंडे माफिया या तो जेल में हैं या फिर प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद व आजम खान आज जेल में गिल्ली-डंडा खेल रहे हैं। दलितों, पिछड़ों, शोषितों के साथ-साथ भाजपा ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया है। हमने जो कहा था वह किया और जो कहेंगे वह जरूर करेंगे।
यह बातें रविवार को गैसड़ी विधान सभा क्षेत्र के पचपेड़वा (बलरामपुर) बाजार स्थित लोक मान्य तिलक इंटर कालेज मैदान में भाजपा प्रत्याशी शैलेश कुमार सिंह शैलू के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कही। उन्होंने कहा कि यह वही सपा है जिसने अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलवाई थी। आज अखिलेश कह रहे हैं कि मैं भी हिंदू हूं, मैं भी मंदिर में घंटी बजाऊंगा। अब तो उनकी घंटी बज चुकी है। अब भव्य राम मंदिर बन रहा है। शरीयत में तीन तलाक का कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांगला देश, ईरान, ईराक और सीरिया आदि मुस्लिम देशों में नहीं है। भारत में तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस तथा सपा चंद वोटों के लिए इसका समर्थन करती है।
सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्त करने की बात कही थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाकर उसे समाप्त किया। कांग्रेस व सपा देश में दो विधान का समर्थन करती हैं जबकि भाजपा ने आपके वोटों की ताकत से संसद में धारा 370 को धाराशायी कर जम्मू कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बना दिया। 10.5 करोड़ किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि दी जा रही है। महिला सशक्तिकरण के तहत कोरोनाकाल में महिलाओं के जन धन खाते में तीन महीने तक 500-500 रुपए देने का काम केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने किया। पांच महीने से हर गरीब परिवार को केंद्र व प्रदेश सरकार महीने में दो बार राशन के साथ-साथ तेल, नमक व चना भी दे रही है। उत्तर प्रदेश में बन रहे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे, गंगा एक्सप्रेस वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे आदि एक्सप्रेस वे ही नहीं बल्कि विकास की गंगा है।
पांच साल पहले प्रदेश में केवल 15 मेडिकल कालेज थे। पांच सालों में केंद्र सरकार की मदद से प्रदेश में 59 मेडिकल कालेज हो गए हैं। इससे लगता है कि फर्क साफ है। सरकार की सोंच ईमानदार, काम दमदार और काम असरदार भी है। 11 करोड़ इज्जतघर बनाकर भाजपा सरकारों ने महिलाओं की आबरू बचाई है। 3.80 करोड़ घरों में नल से शुद्घ जल देने का काम चल रहा है। आर्थिक दृष्टिकोण से पहले यूपी सातवें नंबर पर था। पांच साल में यूपी को योगी सरकार ने दूसरे नंबर पर ला दिया है। पहले आजम खां, मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद आदि माफिया समाज में दनदनाते थे। अब यह तीनों लोग जेल में गिल्ली-डंडा खेल रहे हैं।
आजम खां के कहने पर 26 अप्रैल 2012 को अखिलेश यादव ने तारिक कासमी तथा खालिद मुजाहिद्दीन जैसे आतंकवादियों का केस वापस लेकर यह साफ कर दिया था कि वह लोग आतंकवादियों के हितैषी हैं। अखिलेश को अपनी ही सीट करहल में हार का डर सता रहा है इसीलिए बीते दिनों उन्होंने वहां पर अपने बूढ़े व बीमार पिता को चुनाव प्रचार में उतार दिया था। ऐसा लगता है कि अखिलेश प्रदेश में नहीं बल्कि करहल में ही चुनाव लड़ रहे हैं। अहमदाबाद बम कांड में बीते दिनों अदालत से मौत की सजा पाए आजमगढ़ निवासी आतंकी मो. सैफ का पिता नेता शादाब अहमद उर्फ मिस्टर अखिलेश का साथी है। अखिलेश कहते हैं कि मुझे पुलिस पर विश्वास नहीं है।
उन्होंने कहा कि मैं यहां शैलेश कुमार सिंह को जिताने आया हूं। इनके जीतने से प्रदेश में योगी और केंद्र में नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत होंगे। जनसभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी शैलू सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, एसएससी ग्रुप के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, ब्लाक प्रमुख मनोज तिवारी व शक्ति सिंह, दयाराम प्रजापति, राम सरन गुप्ता व श्याम लाल जायसवाल आदि ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनसभा में मौजूद लोगों से भाजपा के समर्थन की अपील की।