फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फैजाबाद-अंबेडकरनगर सीट पर भाजपा का कब्जा : डॉ. हरिओम ने जीता चुनाव, बने एमएलसी, सपा के हीरालाल को 1665 मतों से हराया

Tue, 12 Apr 2022 10:03 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव संवाद न्यूज़ एजेंसी, अयोध्या/अंबेडकरनगर

सार

एमएलसी चुनाव में विजय हासिल करने वाले पूर्व सांसद डॉ. हरिओम ने 2019 के लोक सभा चुनाव में सिटिंग सांसद होने के बावजूद टिकट कटने पर अशोभनीय टिप्पणी की थी। उन्होंने भाजपा में पैसे के साथ अन्य सुविधा को लेकर टिकट दिए जाने का आरोप लगाया था।
विज्ञापन
नवनिर्वाचित एमएलसी का स्वागत करते अंबेडकरनगर के जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को हुई मतगणना में भाजपा ने सपा को हराकर फैजाबाद-अंबेडकरनगर विधान परिषद सीट पर कब्जा कर लिया। यह सीट अब तक सपा के कब्जे में थी। मतगणना में भाजपा ने सपा को 1665 वोटों से हराया। मतगणना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने विजयी प्रत्याशी डॉ. हरीओम पांडेय को प्रमाणपत्र प्रदान किया।

विज्ञापन

 
प्रेक्षक अनामिका सिंह और जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार की मौजूदगी में मंगलवार सुबह आठ बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष के बरामदे में मतगणना शुरू की गई। मतगणना को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। मतगणना 12 मेजों पर कराई गई। सबसे पहले मतपेटियों से मतों को निकालकर उनकी गिनती कराई गई। इसके बाद चुनाव अधिकारियों के सामने मिलान करने के बाद मतों की प्रत्याशीवार गड्डी बनाई गई। फिर मतों की गिनती संपन्न कराई गई। अवैध मतों की प्रेक्षक व रिटर्निंग अफसर ने स्वयं जांच की। गलत/त्रुटिपूर्ण मतों को निरस्त किया। इस दौरान दलों के एजेंट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की। घोषणा के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी डॉ. हरिओम पांडेय ने 1665 मतों से विजय दर्ज कराई। भाजपा प्रत्याशी हरिओम पांडेय को 2712 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी हीरालाल यादव को 1047 मत और निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र देव तिवारी को 13 मत प्राप्त हुए। मतगणना के दौरान कुल 3975 मतों की गिनती की गई। इसमें 203 मत गलत/अवैध पाए गए।
विज्ञापन


मतगणना के बाद विजयी भाजपा प्रत्याशी हरिओम पांडेय को प्रेक्षक अनामिका सिंह व जिला निर्वाचन अधिकारी/रिटर्निंग अफसर नितीश कुमार ने जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। प्रेक्षक अनामिका सिंह, डीएम नितीश कुमार, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, सहायक निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सिंह व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए चुनाव में लगे अधिकारियों व कार्मिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

टिकट कटने पर हरिओम ने की थी अशोभनीय टिप्पणी
एमएलसी चुनाव में विजय हासिल करने वाले पूर्व सांसद डॉ. हरिओम ने 2019 के लोक सभा चुनाव में सिटिंग सांसद होने के बावजूद टिकट कटने पर अशोभनीय टिप्पणी की थी। उन्होंने भाजपा में पैसे के साथ अन्य सुविधा को लेकर टिकट दिए जाने का आरोप लगाया था। मंगलवार को डा. हरिओम पांडेय भाजपा के ही टिकट पर ही एमएलसी बन गए।

विज्ञापन

हरिओम की जीत ने खत्म किया बीजेपी की जीत का सूखा

विधान परिषद चुनाव में पूर्व सांसद हरिओम पांडेय की जीत ने जिले में पिछले कई चुनाव से भाजपा की जीत के सूखे को खत्म कर दिया है। लोकसभा चुनाव के बाद जलालपुर विधानसभा चुनाव में भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था। उम्मीद थी कि इसके बाद विधानसभा के चुनाव में 2017 के प्रदर्शन को दोहराने या उससे बेहतर करने की सफलता मिल जाएगी। हालांकि सभी पांच सीटों पर बीजेपी को अप्रत्याशित रूप से पराजय का सामना करना पड़ा था। इससे भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं में मायूसी का माहौल था। इन सबके बीच सपा के कब्जे वाली एमएलसी सीट पर हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर हरिओम पांडेय की जीत ने जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार किया है। इस जीत से आम नागरिकों को भी तमाम उम्मीदें हैं। कारण यह कि सत्तादल के जनप्रतिनिधि के तौर पर हरिओम की आवाज शासन सत्ता के गलियारे में ज्यादा प्रभावी ढंग से सुनाई पड़ेगी, जिसका फायदा आने वाले दिनों में जिले के विकास के तौर पर सामने आ सकता है।

 बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी पराजय के बाद एमएलसी चुनाव पार्टी के लिए बड़ी राहत लेकर आया। विधानसभा का चुनाव भाजपा के लिए बड़ा सबक साबित हुआ था। बहुुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाने वाली भाजपा को अंबेडकरनगर की सभी पांच विधानसभा सीटों पर पराजय का सामना करना पड़ा था। चार सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी सीधे तौर पर उतरे थे, जबकि एक सीट पर भाजपा व निषाद पार्टी के गठबंधन ने प्रत्याशी उतारा था। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को टांडा व आलापुर विधानसभा सीट पर जीत मिली थी। कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि इस विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को कम से कम दो सीट जरूर हासिल हो जाएंगी या फिर अधिकतम तीन सीट तक जीत दर्ज हो सकती है। कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत लगाई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के तमाम दौरे भी हुए। हालांकि नतीजा घोषित हुआ, तो पार्टी कार्यकर्ता से लेकर नेता तक सन्न रह गए। सभी पांच सीटों पर भाजपा व गठबंधन दल की करारी पराजय हुई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं को झटका इसलिए भी लगा था क्योंकि इससे पहले जलालपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था। दरअसल 2017 के चुनाव में जलालपुर सीट पर बसपा प्रत्याशी रितेश पांडेय की जीत हुई थी।

उनके त्यागपत्र के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि यह सीट कब्जे में कर ली जाएगी। हालांकि उपचुनाव में बाजी सपा के हाथ लग गई थी। इससे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं को तब मायूसी हाथ लगी थी, जब लोकसभा के चुनाव में भाजपा जीत नहीं दर्ज कर पाई थी। उस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर प्रदेश के तत्कालीन सहकारिता मंत्री मुकुटबिहारी वर्मा चुनाव मैदान में थे। पार्टी की तरफ से मंत्री के चुनाव लड़ने के चलते बड़े पैमाने पर मोर्चेबंदी की गई, लेकिन जीत बसपा प्रत्याशी रितेश पांडेय को नसीब हुई थी। ऐसे में 2019 के लोकसभा चुनाव, उसके बाद हुए जलालपुर विधानसभा उपचुनाव तथा बीते दिनों हुए विधानसभा चुनाव में मिली पराजय ने भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को मुश्किल में डाल दिया था। उनकी उम्मीद एमएलसी चुनाव पर टिकी थी। मंगलवार को दोपहर जब एमएलसी चुनाव के नतीजे सामने आए, तो न सिर्फ कार्यकर्ताओं की बांछें खिल गईं, वरन कई चुनाव से चला आ रहा बीजेपी की जीत का सूखा भी समाप्त हो गया।

सिटिंग सांसद के तौर पर टिकट कटने का इनाम
अकबरपुर सुरक्षित संसदीय सीट जब परिसीमन के बाद अंबेडकरनगर नाम से सामान्य सीट हुई, तो पहले चुनाव में बसपा प्रत्याशी के तौर पर राकेश पांडेय को जीत मिली थी। उससे पहले सुरक्षित सीट पर भी सपा व बसपा का कब्जा होता रहा था। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में हरिओम पांडेय को भाजपा ने टिकट की घोषणा की, तो उन्हें मजबूत प्रत्याशी नहीं माना गया था। हालांकि चुनाव आगे बढ़ने पर वे मजबूती से लड़ते दिखे। नतीजा आया, तो उन्होंने एक लाख से ज्यादा मतों के अंतर से जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया था। लोकसभा चुनाव में वे बीजेपी की बड़ी सफलता के पर्याय बने। हालांकि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट सिटिंग सांसद होने के बावजूद काट दिया। इस पर हरिओम की नाराजगी सामने आई थी। उनके एक दो विवादित बयान भी चर्चा में रहे, लेकिन वे पार्टी के प्रति वफादार बने रहे। जलालपुर विधानसभा उपचुनाव में उन्हें टिकट दिए जाने की चर्चा चली, लेकिन वे स्वयं आगे नहीं आए। अब विधान परिषद चुनाव में भाजपा की तरफ से अंबेडकरनगर व अयोध्या जनपद के कई वरिष्ठ नेता टिकट के लिए लाइन में थे। पार्टी नेतृत्व ने उन सभी में प्राथमिकता हरिओम पांडेय को दी। इसे उनके सिटिंग सांसद के तौर पर टिकट कटने के इनाम के तौर पर देखा गया। इसके साथ ही पार्टी की रणनीति यह भी थी कि हरिओम की जीत से अंबेडकरनगर को सीधे तौर पर पार्टी की तरफ से एक जनप्रतिनिधि मिल जाएगा।

विकास को नए आयाम मिलने की उम्मीद
हरिओम पांडेय के एमएलसी बनने से जिले के विकास को नए आयाम मिलने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए क्यों कि सत्तारूढ़ दल के प्रतिनिधि के तौर पर वे शासन सत्ता के गलियारे में जिले की आवाज ज्यादा मजबूती से रख सकेंगे। नागरिकों का मानना है कि हरिओम के एमएलसी बनने से सत्तारूढ़ दल के बीच अंबेडकरनगर जिले को लेकर कोई नकारात्मक छवि नहीं बन सकेगी। इसका लाभ निश्चित रूप से विकास कार्यों में देखने को मिल सकता है। कई बड़ी परियोजनाओं का लाभ अगले कुछ दिनों में जिले को मिले, तो यह स्वागत योग्य होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें