राज्यसभा की एक सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह आज को नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा उम्मीदवार का निर्विरोध निर्वाचित होना लगभग तय है।
प्रदेश प्रवक्ता हरिशचंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सपा की पूर्व राज्यसभा सदस्य तजीन फातिमा के इस्तीफे के बाद खाली हुई राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। 2 दिसंबर नामांकन का अंतिम दिन है।
भाजपा उम्मीदवार अरुण सिंह सोमवार सुबह 10.30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के नेतृत्व में नामांकन दाखिल करने भाजपा मुख्यालय से रवाना होंगे।
अरुण सिंह सुबह 11 बजे विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।