लखनऊ। शहीद पथ स्थित निजी अस्पताल में आयुष्मान लाभार्थी का किडनी का ऑपरेशन करने के बाद 50 हजार रुपये का बिल थमा दिया। भुगतान न करने पर उसे छुट्टी नहीं दी। शुक्रवार को परिजनों ने पुलिस से शिकायत की, पर कुछ नहीं हुआ। परिजनों ने सीएमओ से शिकायत की है।
बीकेटी एयरफोर्स स्टेशन रोड स्थित विमला देवी की किडनी में स्टोन था। दामाद ने इंदिरानगर स्थित निजी अस्पताल में दिखाया। लेकिन यहां सुविधा न होने पर उन्हें 21 जनवरी को शहीद पथ स्थित निजी अस्पताल ले गए। स्टाफ ने ऑपरेशन से पहले कई जांचें कराईं। आरोप है कि साढ़े छह हजार रुपये ले लिए।
परिजनों ने आयुष्मान कार्ड दिखाया, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने इन्कार कर 50 हजार रुपये मांगे। परिजनों ने असमर्थता जता पुलिस से शिकायत की, लेकिन बात नहीं बनी। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के मुताबिक, निजी अस्पताल ने आयुष्मान लाभार्थी से रुपये मांगे हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पहले मरीज के 60 हजार रुपये अस्पताल ने वापस किए थे
शहीद पथ स्थित निजी अस्पताल ने बीते वर्ष आयुष्मान मरीज से एक लाख रुपये वसूले थे। जांच और दवाओं के नाम पर खेल किया। शिकायत सीएमओ दफ्तर और सांचीज में हुई। अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई से बचने के लिए करीब 60 हजार रुपये तीमारदार को लौटा दिए।