लखनऊ। गीली सड़क पर अचानक ब्रेक लगाने से शिक्षक की बाइक फिसल गई और उनका सिर डिवाइडर से टकरा गया। वह हेलमेट भी नहीं पहने थे। इसके चलते सिर में गंभीर चोट आने से उनकी मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मामूली रूप से घायल हुई हैं।
आलमनगर के अशोक विहार सरीपुरा निवासी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह (45) काकोरी के करीमाबाद के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। उनके साले अनिल कुमार के मुताबिक ज्ञानेंद्र बुधवार रात पत्नी पूजा संग बाइक से बीमार साली को देखने तेलीबाग स्थित अस्पताल जा रहे थे। आलमबाग में सुभाष स्वीट हाउस के पास अचानक ज्ञानेंद्र ने ब्रेक लगा दिया। बारिश के कारण सड़क गीली होने के चलते बाइक गिर गई।
हेलमेट न पहने होने के कारण ज्ञानेंद्र का सिर डिवाइडर से टकरा गया। जबकि उनकी पत्नी मामूली रूप से चोटिल हुईं। पुलिस ने दोनों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचा कर उनके बेटे लक्ष्य को सूचना दी। इलाज के दौरान ज्ञानेंद्र की मौत हो गई। जबकि पूजा को छुट्टी दे दी। परिवार में बेटे के अलावा बेटी आराध्या है।
उधर, बहराइच के रहने वाले जब्बार (50) गोमतीनगर विस्तार में एमआई रोड स्थित ट्रॉली रिक्शा बनाने की दुकान पर नौकरी करते थे। वहीं पर रहते भी थे। उनके भाई इस्लाम के अनुसार, जब्बार बुधवार रात सड़क पर नशे की हालत में खड़े थे। तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई।
सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग गई जान
पारा के जलालपुर निवासी राम पारस (65) ब्रिज कॉरपोरेशन से मैकेनिक के पद से रिटायर्ड थे। उनके बेटे सुनील के मुताबिक पिता बुधवार शाम बाइक से सब्जी खरीदने पारा चौकी के पास मंडी जा रहे थे। इस दौरान सड़क पार कर रहे युवक को बचाने के लिए पिता ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी किरण तीन बेटे और चार बेटियां हैं। घरवालों के मुताबिक हादसे के वक्त वह हेलमेट लगाए थे।