लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-8 सी में रविवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने निधि गौतम की सोने की बाली लूट ली। पुलिस ने सोमवार को एफआईआर दर्ज की।
निधि ने बताया कि रविवार शाम सात बजे वह एमिटी स्कूल के पास रेलवे लाइन के किनारे टहल रही थीं। तभी उतरेठिया स्टेशन की ओर से बाइक पर पीछे से आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनकी बाली लूट ली। पीड़िता के शोर मचाने पर राहगीर आरोपियों को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन वे भाग निकले। अगले दिन पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है।