लखनऊ। टक्कर के बाद बाइक सवार बेकाबू कार में फंसकर 200 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। घटना आशियाना इलाके में चार सितंबर की है। इलाज के बाद उन्होंने मंगलवार को कार नंबर के आधार पर केस दर्ज कराया है।
आशियाना थानाक्षेत्र के शारदानगर रुचिखंड प्रथम में रहने वाले अमृत गौड़ निजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर हैं। उन्होंने बताया कि चार सितंबर की रात एक आयोजन से होकर बाइक से घर लौट रहे थे। खजाना मार्केट चौराहे के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मारी दी। बाइक कार में फंस गई और वह 200 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में उनके एक हाथ की हड्डी टूट गई और दोनों पैरों में गंभीर चोट आ गई। साथ ही बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।