लखनऊ। मोहनलालगंज के खुजौली रोड के पास शुक्रवार देर रात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शिवम कुमार (20) घायल हो गए और रातभर सड़क किनारे खंती में पड़े रहे। शनिवार की सुबह पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नगराम के करोरा गांव निवासी शिवम कुमार ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय थे। उनके भाई शुभम ने बताया शिवम शुक्रवार को ड्यूटी पर गए थे। रात को वह चचेरे भाई मुकेश से मिलकर खुजौली से रात 11 बजे बाइक से घर आ रहा था। खुजौली रोड पर पीछे से कोई वाहन उनकी बाइक से टकरा गया। इसमें शिवम सड़क किनारे बनी खंती में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात होने पर परिजनों ने शिवम को फोन किया पर संपर्क नहीं हो सका।
रात भर खंती में पड़े रहे, किसी ने नहीं देखा
पूरी रात वह घायल अवस्था में वहीं पड़ रहे। शनिवार सुबह सड़क किनारे उनकी बाइक गिरी देख राहगीरों ने मोहनलालगंज पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों को खबर देते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि शिवम की मौत हो चुकी है। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
समय से मिल जाता इलाज तो बच जाती जान
अस्पताल में मौजूद शिवम के पिता भारत लाल ने रोते हुए कहा कि बेटे को समय से इलाज मिल जाता तो शायद उसकी जान बच जाती। शिवम के परिवार में पिता के अलावा मां निर्मला देवी, बड़ा भाई शुभम और एक बहन हैं।