लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार में शनिवार सुबह वाहन सवार को बचाने में पीजीआई के तेलीबाग निवासी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी उवैस खान (61) की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उनकी मौत हो गई। सेवानिवृत्त होने के बाद उवैस निजी सिक्योरिटी गार्ड कंपनी में सुपरवाइजर थे।
इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बताया कि उवैस शनिवार सुबह बाइक से एमआई रसल कोर्ट सिक्योरिटी गार्ड को गणतंत्र दिवस की परेड की ट्रेनिंग देने जा रहे थे। तभी गोमतीनगर विस्तार स्थित जी-20 रोड पर किसी वाहन सवार को बचाने के लिए उन्होंने बाइक में ब्रेक मार दिया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और फिसलते हुए डिवाइडर से टकरा गई। घटना में उनका हेलमेट टूटने से उवैस के सिर में गंभीर चोट आ गई। पुलिस ने उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।