निमंत्रण से लौटते समय लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर ओम नगर के पास हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
जगतपुर (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात बेकाबू वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। सिर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया था। जिससे उसकी जान चली गई।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के बाबा का पुरवा गांव निवासी सुरेश कुमार (40) पुत्र सुंदरलाल शाम को जगतपुर कोतवाली क्षेत्र के सिंघापुर भटौली बाइक से निमंत्रण आया था। रात करीब 12 बजे निमंत्रण से वापस घर जा रहा था। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर ओम नगर के निकट सामने से बेकाबू वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। राहगीरो की मदद से घायल को जगतपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुरेश पुणे में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता था। इससे परिवार का भरण पोषण हो रहा था। उसकी मौत से पत्नी संगीता, बेटी शिवानी, माही व बेटा सौरभ का रो-रो कर हाल बेहाल है। जगतपुर थानेदार बबिता पटेल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।