लखनऊ। लामार्टिनियर बॉयज स्कूल के पास शुक्रवार देर रात बाइक सवार इंदिरानगर के जरहरा निवासी शनि गाैतम (30) सड़क किनारे रखे सीमेंट के बैरियर से टकरा गए। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
शनि स्काई विज कंपनी में डीजे ऑपरेटर थे। भाई संजय ने बताया कि शुक्रवार रात शनि बाइक से दोस्तों के साथ पार्टी में गया था। देर रात करीब तीन बजे वहां से लौटते वक्त वह बाइक लेकर चटोरी गली की ओर जाने लगे। एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि शनि ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन बाइक की रफ्तार ज्यादा होने के कारण वह अनियंत्रित होकर लामार्टिनियर स्कूल के पास सड़क किनारे रखे सीमेंट बैरियर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज आवाज सुनकर पहुंचे गार्ड ने दी पुलिस को सूचना
सीमेंट बैरियर से बाइक की टक्कर होने से तेज आवाज हुई। इसे सुनकर वहां खड़े गार्ड प्रमोद यादव ने गौतमपल्ली पुलिस को घटना की जानकारी दी। राहगीरों की मदद से पुलिस ने शनि को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तीन वर्ष पहले हुई थी शादी
संजय ने बताया कि शनि की तीन वर्ष पहले रेखा से शादी हुई थी। उनका डेढ़ साल का बेटा है। इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार सिंह के मुताबिक शनि के पास से मिले मोबाइल फोन के जरिये उनकी शिनाख्त कर घरवालों को सूचना दी गई। परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलती है तो मामले की जांच की जाएगी।