लखनऊ। उन्नाव के हसनगंज बांगरमऊ मार्ग खपुरा मुस्लिम गांव के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार काकोरी घुरघुरि तालाब के सकरा गांव निवासी विशाल गौतम (19) और उनके ममेरे भाई उन्नाव के महराजगंज निवासी विमल गौतम (10) की मौत हो गई। दोनों भाई बिना हेलमेट लगाए अपनी खानपान की दुकान के लिए दूध लेने निकले थे।
पुलिस के मुताबिक, विशाल व विमल मिलकर उन्नाव के हसनगंज मीरखेड़ा गांव के पास चाय-समोसे की दुकान चलाते थे। शनिवार सुबह 6 बजे दोनों दूध लेने के लिए काकोरी के घुरघुरि तालाब नागेश्वर मंदिर मंडी आ रहे थे। दुकान से 500 मीटर दूर पीछे से आए मौरंग लदे डंपर की बाइक में टक्कर लग गई। इससे दोनों भाई गिरकर डंपर के पहिये के नीचे आ गए। हादसा देख लोगों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों स्थानीय सीएचसी पहुंचाया, जहां से दोनों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। उन्नाव पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद भाग रहे डंपर चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मौत की खबर घर पहुंची तो मचा कोहराम
सड़क हादसे में दोनों भाइयों की मौत की खबर जब इनके घर पहुंची तो दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। विशाल के पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। परिवार में मां अनीता, बड़ा भाई शुभम व छोटा भाई मोहित, बहन वंदना भी हैं। उधर, विमल के परिवार में पिता राजेंद्र गौतम, मां रेशमा, बड़ा भाई शुभम व बहन कीर्ति हैं।