सीतापुर। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली को ओवरटेक करते समय बाइक पलट गई। हादसे में मासूम की मौत हो गई। वहीं उसकी मां व रिश्तेदार घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बसेती गांव निवासी तरन्नुम अपने पुत्र कासिफ (डेढ़ वर्ष) के साथ बाइक से कोतवाली लहरपुर के नेवादा स्थित मायके जा रही थी। बाइक उसका रिश्तेदार चला रहा था। इसी गांव से सबील ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर जा रहा था।
बसेती गांव के बाहर ओवरटेक करते समय बाइक अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे में तरन्नुम की गोद में बैठा कासिफ ट्राॅली के पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तरन्नुम व बाइक चालक भी चोटिल हो गया।
दोनों को सीएचसी लाया गया, जहां से उसके प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। एसओ प्रभातोष श्रीवास्तव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ट्रैक्टर ट्राॅली व चालक को हिरासत में ले लिया गया है।