गिरफ्तार हुए नूर मोहम्मद, रहमत उल्लाह और शबीउल्लाह।
- फोटो : अमर उजाला
रोहिंग्या किशोरियों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए यूपी एटीएस के 30 से अधिक अफसरों ने 36 घंटे का विशेष अभियान चलाया था। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि गिरोह का सरगना मुहम्मद नूर उर्फ नूरुल इस्लाम है। पता चला है कि पूरा गिरोह मानव तस्करी के काम से बड़ी मात्रा में धन अर्जित कर रहा है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। इन सभी को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी।
तीनों आरोपियों नूर, रहमतुल्ला और शबीउर्रहमान के पास से मोबाइल, आधार कार्ड, पैनकार्ड, बांग्लादेश का नागरिकता पहचान पत्र, रेलवे टिकट, यूएनएचसीआर का कार्ड, पांच बांग्लादेशी टका, 24 हजार 480 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ के लिए लखनऊ एटीएस मुख्यालय लाई गई किशोरियों को आशा ज्योति केंद्र भेज दिया गया है।
डेढ़ महीने पहले भी गिरफ्तार हुए थे मानव और सोना तस्कर
यूपी एटीएस द्वारा बीते दो महीने में रोहिंग्या द्वारा की जा रही मानव तस्करी के मामले में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले एटीएस ने अलीगढ़, बुलंदशहर और मेरठ से पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। माना जा रहा है कि मंगलवार को की गई कार्रवाई भी उसी इनपुट के आधार पर की गई है।