संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले सोमवार देर रात लखनऊ पहुंचे और मंगलवार को संघ पदाधिकारियों से चर्चा की। भारती भवन में उन्होंने संघ के क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ अनौपचारिक बातचीत की। संघ के साथ विचार परिवार से जुड़े संगठनों की ओर से कोरोना काल में किए जा रहे सेवा कार्यों के साथ संघ की आगामी कार्य योजना पर चर्चा की।
सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अटकलों के विपरीत होसबोले ने प्रदेश सरकार या भाजपा के किसी भी पदाधिकारी से औपचारिक मुलाकात नहीं की। वे बुधवार को भी लखनऊ में रहेंगे। दत्तात्रेय का केंद्र जुलाई तक लखनऊ ही है।
सूत्रों के मुताबिक पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व भी कोरोना संक्रमण के दौरान सरकार या संगठन में कोई बड़ा फेरबदल कर जनता में गलत संदेश देने के पक्ष में नहीं है। उनका कहना है कि कोरोना की स्थिति नियंत्रण में होने के बाद यदि पार्टी आवश्यक समझेगी तो क्षेत्रीय व जातीय संतुलन बनाने के लिए सरकार व संगठन में आंशिक फेरबदल कर किया जा सकता है।