ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय नए सत्र 2022-23 से अपने यहां बीफार्मा की पढ़ाई शुरू करेगा। साथ ही विद्यार्थियों का बीमा भी कराया जाएगा।
शनिवार को कुलपति प्रो. एनबी सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्य परिषद की बैठक में इसे सैद्धांतिक सहमति दी गई और आगे की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
बैठक में तय हुआ कि 138 रुपये के प्रीमियम के भुगतान से विद्यार्थियों का दो लाख रुपये का जीवन बीमा व 50 हजार रुपये का दुर्घटना बीमा की क्षतिपूर्ति ले सकेंगे।
साथ ही नैक मूल्यांकन के मद्देनजर कंसल्टेंसी पॉलिसी, इनोवेशन स्टार्टअप पॉलिसी, आउटरीच पॉलिसी, एनर्जी कंजर्वेशन पॉलिसी, ग्रीन कैंपस पॉलिसी व छात्र कल्याण कोष नीति का अनुमोदन किया गया।
प्रो. सिंह ने बताया कि विवि के पुअर ब्वायज फंड एवं टीचर वेलफेयर फंड के लिए तैयार की गई परिनियमावली को भी संस्तुति दी गई।
खेल गतिविधियों के लिए क्रीड़ा परिषद के गठन को स्वीकृति दी गई। एनईपी के अनुसार कोर्स स्ट्रक्चर व कोर्स डिजाइन को स्वीकृति दी गई।