अलीगंज हनुमान मंदिर पर लगने वाला ऐतिहासिक भादो मंगल मेला मंगलवार रात से विधिवत शुरू हो गया।
मेले में एक ओर सुंदरकांड का पाठ और बजरंग बली को गुड़-धनिया व बेसन के लड्डुओं का भोग लगाया गया, वहीं दूसरी ओर मेले की रौनक सजी हुई दुकानों और श्रद्धालुओं से बढ़ी।
संत गाडगे जन कल्याण सेवा समिति की ओर से अलीगंज के नया हनुमान मंदिर के रामकथा पार्क में आयोजित भव्य समारोह में कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्र बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उन्होंने कनौजिया समाज के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
कहा कि शिक्षित समाज से ही देश का विकास होगा। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि भाईचारा व आपसी सौहार्द बनाया जाए, ताकि देश की अखंडता व संप्रभुता बनी रहे।
उन्होंने मेले का इतिहास भी जाना और समझा। समिति की ओर से उन्हें स्मृतिचिह्न व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि मंगलवार को सुंदरकांड पाठ से मेले की शुरुआत हुई जबकि बुधवार को मेले में 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए नृत्य कला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
जिसमें हुनरमंद बच्चों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। इसके अलावा विशाल भण्डारा व प्रसाद वितरण कार्यक्रम होगा।