केंद्रीय इस्पात मंत्री व गोंडा से कांग्रेस प्रत्याशी बेनी प्रसाद वर्मा ने शनिवार को राबर्ट वाड्रा का बचाव करते हुए कहा उनके पास कोई काली कमाई नहीं है।
इसलिए उन्होंने जो कमाया उसे चुनाव में नहीं लगाया है। बेनी ने कहा कि राबर्ट वाड्रा क्या, हर उद्योगपति की पूंजी पांच सालों में बढ़ ही जाती है।
अडानी की पूंजी कहां से कहां पहुंच गई। आज वे अपनी काली कमाई भाजपा के चुनाव में लगा रहे हैं। उन्होंने वाड्रा मामले में भाजपा पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
बाले, इस चुनाव में बढ़े हैं भाजपा के वोट
बेनी ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में कहा कि सूबे में पहले दो चरणों के चुनाव में भाजपा के वोट तो बढ़े हैं लेकिन उसे सीटें ज्यादा नहीं मिलेंगी।
बेनी ने दावा किया कि प्रदेश में एक तिहाई सीटें भाजपा को मिलेंगी, जबकि दो तिहाई सीटें कांग्रेस, सपा, बसपा व रालोद के हिस्से में आएंगी। आप का यूपी में पत्ता साफ होगा।
बेनी ने यह भी कहा कि भाजपा को अपनी स्थिति का अंदाजा हो गया है। इस कारण अब मोदी की भाषा भी बदलने लगी है।
'मोदी बताएं, क्यों की राममंदिर की बात'
बेनी ने कहा कि नरेंद्र मोदी को बताना चाहिए कि अगर हिंदू व मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण की योजना नहीं थी तो राम मंदिर मुद्दा, धारा 370 व कॉमन सिविल कोड की बात घोषणा पत्र में क्यों की?
एक प्रश्न के जवाब में बेनी ने कहा कि मुलायम सिंह से हम कितना भी दूर रहें लेकिन उनके सपनों में जरूर आएंगे। हमारा उनका 30 सालों का साथ है।
बेनी ने मोदी को हत्यारा तक बता दिया। उन्होंने कहा, मोदी जब 18 साल के थे, तब एक खून करके घर से भाग गए थे।
जब इस बाबत सुबूत की मांग हुई तो बेनी ने कहा, मोदी कई साल से गुजरात के सीएम हैं और उन्होंने सारे सुबूत मिटा दिए होंगे।
'सुप्रीम कोर्ट से उम्रकैद की सजा पाएंगे मोदी'
बेनी प्रसाद ने कहा कि नरेंद्र मोदी गोधरा कांड से बरी नहीं हुए हैं। एसआईटी ने उन्हें क्लीन चिट दी है। अभी सुप्रीम कोर्ट का फैसला आना बाकी है।
बेनी ने कहा है कि भाजपा का चरित्र भी गजब का है। जो मुसलमानों का जितना बड़ा दुश्मन होगा, वही बड़ा नेता बन जाएगा।
वाराणसी से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय पर भाजपा प्रभारी अमित शाह द्वारा एके-47 की खरीद-फरोख्त की जांच कराने की मांग पर चुटकी लेते हुए बेनी ने कहा कि अजय राय की एके-47 की रसीद शाह के पास है। इसलिए ही वे राय पर हमलावर हो रहे हैं।