लखनऊ में रहने वालों के लिए यह अच्छे संकेत नहीं हैं। तेजी से बेड फुल होने से एसजीपीजीआई और लोहिया संस्थान में गंभीर मरीजों को भर्ती करने से मना कर दिया गया है। अब केजीएमयू का ही सहारा है। राजधानी में 6364 बेड के इंतजाम का दावा किया जा रहा है, लेकिन अभी तक 2284 बेड पर भर्ती किया जा रहा है।
गंभीर मरीजों को केजीएमयू, लोहिया संस्थान और पीजीआई भेजा जाता रहा है। सोमवार को लोहिया संस्थान के सौ और पीजीआई के 120 बेड फुल होने से कैंसर, हृदय, किडनी, लीवर सहित अन्य गंभीर मरीजों के लिए अब केजीएमयू ही बचा है। यहां 200 बेड पर 106 मरीज भर्ती हैं।
बेड के लिए परेशान रहा मरीज
एक मरीज को हार्ट अटैक की आशंका पर निजी अस्पताल भेजा गया। यहां जांच में कोरोना की पुष्टि हुई। इस पर अस्पताल ने पीजीआई रेफर कर दिया। बाद में पता चला कि वहां बेड फुल हो चुके हैं। वहीं, मरीज को सीएमओ कार्यालय में सूचना देने के बाद भी देर शाम तक शिफ्ट नहीं किया गया। परिजन ने आरोप लगाया कि निजी अस्पताल यहां से हटा रहा है। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि सभी अस्पतालों को मरीजों को होल्डिंग एरिया में रोकने का निर्देश है। व्यवस्था कराने के बाद ही कोविड.19 अस्पताल भेजा जाता है।
रिपोर्ट लेकर घूमती रही महिला
बालागंज निवासी महिला ने चौक स्थित डायग्नोसिस सेंटर में कोरोना की जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वह घर चली गई। आस-पास के लोगों को पता चला कि वह पॉजिटिव है तो उन्होंने एतराज जताया। महिला रिपोर्ट हाथ में लिए घूमती रही। कुछ देर बाद एक स्थान पर बैठ गई। पुलिसकर्मियों को सूचना दी गई। दो घंटे बाद स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस पहुंची और वृद्धा को अस्पताल ले गई।
मरीज शिफ्ट करने में लग रहे दो दिन
स्वास्थ्य विभाग को मरीज शिफ्ट करने में दो दिन लग रहे हैं। विभाग में पॉजिटिव के संबंध में सूचना मिलने पर मरीज को फोन किया जा रहा है। उन्हें जल्द अस्पताल भेजने की बात कही जा रही है, लेकिन मरीजों को शिफ्ट करने में दो दिन लग जा रहे हैं।
कहां, कितने बेड की व्यवस्था है
अस्पताल बेड भर्ती मरीज
केजीएमयू 200 106
लोहिया संस्थान 100 98
पीजीआई 120 115
आर एस एम बीकेटी 100 98
ईएसआई अस्पताल 47 45
इंटीग्रल यूनिवर्सिटी 47 30
टी एस एम मेडिकल कॉलेज 100 90
लोक बंधु अस्पताल 100 96
इरा मेडिकल कॉलेज 400 300
यहां भी मिले मरीज
सरोजनीनगर के बंथरा गांव में महिला, भतीजी पॉजिटिव मिली। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्यालय व रोडवेज मुख्यालय स्थित बैंक में एक-एक मरीज मिला। हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के गेटों पर थर्मल स्कैनिंग करने वाला कर्मी पॉजिटिव मिला। माल में बीते 24 घंटे में तीन कोरोना मरीज मिले हैं।
मरीजों की संख्या अनुसार अस्पतालों में बेड बढ़ाए जा रहे हैं। निजी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में भी मरीज भर्ती करने की व्यवस्था की जा रही है। कुछ अस्पतालों ने तैयारी पूरी कर ली है और मरीज भर्ती करने की संस्तुति दे दी है। जैसी जरूरत होगी उसी हिसाब से मरीजों को भेजा जाएगा। - डॉ. नरेंद्र अग्रवाल, सीएमओ