लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के परास्नातक पाठ्यक्रमों में खाली सीटों पर आखिरी चरण की प्रवेश काउंसिलिंग 24 और 25 सितंबर को होगी। कुलसचिव डॉ. अश्वनी कुमार ने इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
बीबीएयू में छह चरण की प्रवेश काउंसिलिंग के बाद भी कई विभागों में सीटें खाली रह गईं। विवि ने इसके लिए सीयूईटी व नॉन सीयूईटी विद्यार्थियों से प्रवेश आवेदन मांगे थे। खाली सीटों पर मिले आवेदन के आधार पर चयनित विद्यार्थियों की सूची शुक्रवार देर शाम विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है और उन्हें प्रवेश के आमंत्रित किया गया है।
विवि की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, खाली सीटों पर चयनित विद्यार्थियों की सूची सोमवार तक जारी होगी। मंगलवार और बुधवार को विवि परिसर में प्रवेश काउंसिलिंग होगी। 28 सितंबर तक फीस जमा करनी होगी।
प्रवेश काउंसिलिंग प्रभारी प्रो. सुदर्शन वर्मा ने बताया कि यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार खाली सीटों पर सभी वर्ग के विद्यार्थियों को प्रवेश के संबंध में आदेश जारी किया गया है। मंगलवार और बुधवार को चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेज के साथ आना अनिवार्य होगा।