लखनऊ में आलमबाग इलाके में सोमवार शाम घरवालों से नाराज होकर रेलकर्मी की बेटी खुदकुशी करने गोमतीनगर स्थित बैराज पहुंच गई। परिवारीजनों की सूचना पर तत्काल पुलिस हरकत में आई और दरोगा ने मौके पर पहुंचकर युवती को बचा लिया। इसके बाद उसे समझा-बुझाकर किनारे बैठाया।
परिवारीजनों ने जान बचाने वाले दरोगा-होमगार्ड का आभार जताया। पुलिस के मुताबिक, आलमबाग रेलवे कॉलोनी निवासी टीटी की बेटी देहरादून के निजी कॉलेज से पत्रकारिता का कोर्स कर रही है। सोमवार को कॉलेज में होने वाले कार्यक्रम के लिए वह परिवारीजनों को लेने आई थी।
आरोप है कि परिवारीजनों ने किसी बात को लेकर उसे फटकार लगा दी। इससे नाराज होकर छात्रा जान देने की बात कहकर घर से निकल गई। इसके बाद वह टैंपो में बैठकर गोमती बैराज पहुंच गई। इस बीच परिवारीजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
इसके बाद उद्यान चौकी इंचार्ज कृष्ण बली सिंह व होमगार्ड आनंद गोमती बैराज पर पहुंच गए। छात्रा रेलिंग पर चढ़कर कूदने की कोशिश कर रही थी तभी दरोगा-होमगार्ड ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद छात्रा रोने लगी। दरोगा ने उसे समझाकर उसे शांत कराया। इस बीच परिवारीजन भी वहां पहुंच गए।