लखनऊ के इंदिरानगर की मायावती कॉलोनी में बीते दिनों में हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट से समीर टी-स्टॉल में आग लगने के दौरान घरेलू सिलेंडर में धमाका हो गया। आग से सिलेंडर बाहर निकालने की कोशिश करते वक्त विस्फोट में कांस्टेबल शेर मोहम्मद बुरी तरह जख्मी हो गए।
वहीं धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। करीब दो घंटे मशक्कत के बाद दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग बुझाई जा सकी। इस दौरान समीर टी स्टॉल, बगल की गुड्डू मोटर साइकिल रिपेयरिंग की दुकान समेत तीन दुकानों की दीवारें और छत दरक गईं। आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
एसओ चिनहट सुरेश कुमार यादव ने बताया कि समीर टी स्टॉल के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। रात लगभग ढाई बजे तारों में शॉर्ट सर्किट होने लगा। इसकी चिंगारी से समीर टी-स्टॉल में आग लग गई।
स्टॉल संचालक समीर ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कुछ मिनटों में ही वहां भीषण लपटें उठने लगीं। समीर ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। सूचना मिलते ही मॉडर्न कंट्रोल रूम की पावर 7 गाड़ी से कांस्टेबल शेर मोहम्मद और हेड कांस्टेबल सरफराज अहमद मौके पर पहुंच गए।