देवा क्षेत्र में किसान पथ पर माती गांव के पास मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। अज्ञात ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गंभीर हालत में दोनों को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। दोनों भाइयों में एक बड़ा और एक सबसे छोटा था।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के सिकोहना गांव निवासी सुरेश चन्द्र के छह बेटों में अंशू (36) सबसे बड़े और विजय कुमार (16) सबसे छोटे थे। दोनों लखनऊ के अवनारी बेहटा में ट्रैक्टर चालक का काम करते थे। अंशू करीब नौ साल से वहीं रह रहे थे और दो साल पहले उन्होंने छोटे भाई विजय को भी साथ काम पर लगा लिया था। रक्षाबंधन के मौके पर दोनों अपने गांव आए थे।
मंगलवार सुबह वे लखनऊ लौटने के लिए निकले, लेकिन पहले बनवा स्थित अपनी बहन के घर पहुंचे और वहीं रात गुजारी। देर शाम लखनऊ जाते समय माती गांव के पास यह हादसा हो गया। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही सिकोहना में सन्नाटा पसर गया। अंशू के घर पर भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं सिर पीट-पीटकर विलाप कर रही थीं, बच्चे सहमे हुए कोने में बैठे थे। सबसे छोटे बेटे अर्पित (6) बार-बार दरवाजे की ओर देख रहा था, जैसे पापा अब भी लौट आएंगे। अंशू की पत्नी आरती बार-बार बेहोश हो रही थी। होश आने पर यही बोली सुबह तो वे हंसकर निकले थे… यह कैसे हो गया? अंशू के तीन बच्चे आदित्य (8), अर्पित (6) और डेढ़ साल की बेटा बिना कुछ समझे भीड़ में मां को पकड़कर रो रहे थे। विजय की मां अपने सबसे छोटे बेटे के शव देखकर फफक पड़ीं। उनके आंसू रुक ही नहीं रहे थे।
राखी पर आई थी मुस्कान, लौट गई चीत्कार
परिजनों ने बताया कि राखी पर बहनों के साथ हंसी-ठिठोली करते दोनों भाई पूरे दिन चहकते रहे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटों बाद दोनों हमेशा के लिए बिछुड़ जाएंगे। गांव के बुजुर्ग कहते हैं कि एक साथ घर के बड़े और छोटे बेटे का चले जाना ऐसा हादसा है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
पुलिस ट्रक चालक की तलाश में
थाना प्रभारी अजय त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सड़क पर बिखरे वाहन के हिस्सों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।