पड़ोसी जिले अंबेडकरनगर के भीटी क्षेत्र में कैंप लगा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की तेजापुर शाखा के प्रबंधक, कैशियर व एक दलाल ने मिलकर 8 किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड पर ऋण देने के नाम 39.39 लाख रुपये हड़प लिए।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर पीड़ितों ने सोमवार को गोसाईंगज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। किसानों का आरोप है कि किसानों के नाम करीब एक करोड़ का चूना लगाया जा चुका है।
आरोपी शाखा प्रबंधक शाहजहांपुर तबादला करा जा चुका है। मामला कस्बे के पूर्वी सिरे पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित भारतीय स्टेट बैंक तेजापुर का है।
यहां के शाखा प्रबंधक जेपी श्रीवास्तव, कैशियर देवीप्रसाद पांडेय किसान क्रेडिट कार्ड पर ऋण देने के लिए अंबेडकरनगर जनपद के भीटी थानान्तर्गत रामपुर गिरंट बाजार में हर सप्ताह शनिवार व रविवार शिविर लगाते थे।
स्विच ऑफ मिला मोबाइल
इनके साथ इलाके का एक व्यक्ति भीटी थानाक्षेत्र के बनगांव निवासी शैलेंद्र कुमार सिंह बब्लू लाइजनिंग का काम करता था। जय प्रकाश पुत्र यदुनाथ सिंह समेत आठ किसानों की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप है कि भारतीय स्टेट बैंक तेजापुर के शाखा प्रबंधक जेपी श्रीवास्तव, कैशियर देवी प्रसाद पांडेय ने भीटी थानाक्षेत्र के बनगांव निवासी शैलेन्द्र कुमार सिंह उर्फ बब्लू को बैंक का प्रमोटर बताकर किसानों को उनसे संपर्क करने को कहा।
कोतवाल नरेंद्र सिंह का कहना है कि किसानों के नाम पर कुल 39,39 लाख रुपये निकाल लिए गए, जबकि किसानों को धेला भी नहीं मिला। उधर, शाखा प्रबंधक रहे जेपी श्रीवास्तव के मोबाइल पर फोन किया गया तो स्वीच ऑफ मिला है।
वहीं अंबेडकरनगर में एक केसीसी धारक किसान की शिकायत पर सोमवार को पहुंची विजिलेंस टीम की जांच में बैंक ऑफ बड़ौदा की उत्तरी पूर्वी ग्रामीण बैंक की जाफरगंज शाखा में रुपयों की हेराफेरी का मामला उजागर हुआ है।
सहायक प्रबंधक व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को दोषी पाया गया है। शाखा प्रबंधक राजेश्वरशरण ने बताया कि जांच रिपोर्ट के बाद रीजनल स्तर से कार्रवाई की जाएगी।