महावीर जयंती और गुडफ्राइडे के बाद शनिवार को भी बैंक लगातार तीसरे दिन बंद रहेंगे।
बैंकों में महीने में दो शनिवार की बंदी का नियम 1 अप्रैल से लागू हुआ है उसका ये पहला शनिवार होगा। बैंक के साथ-साथ शहर के मंदिर भी शनिवार को बंद रहेंगे, इसलिए शनिवार को आप न बैंक जा पाएंगे न मंदिर।
इसकी वजह है, शनिवार शाम से पहले पड़ने वाले नवसंवत्सर कीलक के पहले खग्रास चंद्रग्रहण के चलते नगर के नामी मंदिरों के कपाट सुबह से ही आरती पूजन के बाद बंद हो जाएंगे।
शाम करीब 6.13 बजे के बाद से पड़ने वाले चंद्रग्रहण के चलते मंदिरों के कपाट लगभग 9 घंटों पहले लगने वाले सूतक के लिये बंद हो जायेंगे। इस दौरान मंदिरों में पूजन-दर्शन के लिये प्रवेश बंद रहेगा।
इन राशियों के लिए फलदायी होगा ग्रहण
मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्या गिरि ने बताया कि मंदिर में भोर की आरती के बाद सुबह 6 बजे से ही मंदिर को भक्तों के लिये बंद कर दिया जायेगा। मंदिर रात 8 बजे तक बंद रहेगा।
महानगर निवासी आचार्य प्रदीप ने बताया कि शनिवार शाम 6.13 बजे से खग्रास चंद्रग्रहण का स्पर्श काल शुरू हो जायेगा।
जो कि शाम को 7.15 बजे तक रहेगा। इससे करीब 9 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जायेगा।
ज्योतिषाचार्यों की मानें तो शनिवार 4 अप्रैल को पड़ रहा चंद्रग्रहण मेष, वृश्चिक, धनु राशियों के लिये शुभ फलकारक रहेगा।
जबकि वृष, मिथुन, सिंह, कन्या, तुला, मकर, कुंभ मीन राशि कारकों के लिये श्रेष्ठ फल कारक नहीं रहेगा।
साइंस सिटी, नक्षत्रशाला से देख सकते हैं चंद्रग्रहण
शनिवार को चंद्रग्रहण को ज्यादा नजदीक और स्पष्ट दिखाने के लिए इंदिरा गांधी नक्षत्र शाला, सूरजकुंड पार्क और आंचलिक विज्ञान नगरी अलीगंज में व्यवस्था की गई है।
दोनों जगह सूर्यास्त के बाद टेलीस्कॉप से चंद्रग्रहण दिखाया जाएगा। इंदिरा गांधी नक्षत्र शाला के प्रभारी वैज्ञानिक अनिल यादव ने बताया कि तीन टेलीस्कॉप लगाई जा रही हैं।
इच्छुक लोग चार अप्रैल को सूर्यास्त के बाद शाम सात बजे से 8:28 बजे तक नक्षत्र शाला में ही चंद्रग्रहण देख सकते हैं।
साइंस सिटी में भी चंद्रग्रहण दिखाने की व्यवस्था रहेगी। प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर उमेश कुमार के मुताबिक एक टेलीस्कॉप लगाया जाएगा।