घर का सामान लाने कोड़री बाजार जा रहा किशोर बढ़ईपुर डिपो के पास बाढ़ के पानी के बहाव के कारण डूब गया। स्थानीय लोगों ने काफी खोजबीन की तो एक किलोमीटर दूर उसका शव मिला है।
थाना क्षेत्र देहात कोतवाली के ग्राम पंचायत झौहना के प्रधान प्रतिनिधि शिव कुमार गिरी ने बताया कि मंगलवार को मजरे उपाध्याय पुर निवासी महेश (14) पुत्र गन्ने गोस्वामी घर के लिए राशन लाने गांव से कोड़री जा रहा था। रास्ते में बढ़ईपुर डिप के पास पानी का बहाव तेज था। इससे पार करते समय उसका पैर फिसल गया जब तक वह कोशिश करता तब तक वह बहाव की चपेट में आने के कारण डूब गया।
इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस के सहयोग से उसकी खोज शुरू की। करीब एक किलोमीटर दूर बाग में उसका शव मिला है। घर वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। एसओ मुकेश सिंह ने बताया कि यह मामला कोतवाली देहात क्षेत्र का होने के कारण वहां की पुलिस कार्रवाई कर रही है।
वहीं, सोमवार को ललिया थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव के मजरे गंगापुर निवासी प्रभु नाथ वर्मा (12) व नैतिक वर्मा (9) सोमवार की दोपहर गांव के समीप से होकर बह रहे धोबहा नाले में डूब गए थे। ग्रामीणों ने प्रभु वर्मा का शव बरामद कर लिया था। जबकि नैतिक वर्मा का अभी तक पता नहीं चल सका है। पीएसी की टुकड़ी उसकी खोज कर रही है।