लखनऊ। एटीएम से पैसा निकालने आए लोगों का पिन जानकर रकम निकालने के आरोपी उमेश यादव को जमानत मिल गई है। एडीजे उमाकांत जिंदल ने 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें दाखिल करने पर रिहा करने का आदेश दिया है।
कोर्ट में अभियोजन ने बताया कि एसटीएफ के इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह ने गोसाईंगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके मुताबिक उन्हें 19 जुलाई को सूचना मिली कि एटीएम कार्ड बदलकर या चोरी कर खातों से पैसा निकालने वाले चोरों का गिरोह गोसाईंगंज के पास है। इसके बाद उमेश यादव, ज्ञानेंद्र शुक्ला, रोशन सिंह, शिव प्रकाश सिंह और विपेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था। एसटीएफ ने इनके पास से 75 एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और रुपये बरामद किए। आरोपियों ने बताया कि वे लोग एटीएम में आए लोगों के पीछे खड़े होकर पिन जान लेते थे और फिर चालाकी से उनका ध्यान भटकाकर कार्ड बदल देते थे। इसके बाद खाते से रकम साफ कर देते थे।