बहराइच के देहात कोतवाली क्षेत्र के हरिहरपुर रैकवारी गांव में सोमवार देर रात को लगभग छह की संख्या में चोर पहुंच गए। चोरों की आहट पाकर ग्रामीण जाग गए और उन्हें पकड़ने की कोशिश की। जिसमें से एक चोर ग्रामीणों की पकड़ में आ गया। ग्रामीणों की पिटाई से उसकी मौत हो गई। चोर की मौत की सूचना पर पुलिस के उच्च अधिकारी भी जांच पड़ताल के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए।
हरिहरपुर रैकवारी के मजरा डाकपुरवा गांव में सोमवार देर रात को आधा दर्जन से अधिक की संख्या में चोर गांव निवासी राजेश सिंह के घर में घुस गए। यहां चोरी के करने के बाद मुन्ना सिंह के घर में घुसे। इसी दौरान महिला आहट पाकर जाग गई और शोर मचाया तो गांव के लोग जाग गए जिससे सभी चोर भागने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों ने एक चोर को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
गांव के लोगों ने बताया कि मौत से पहले उसने अपना नाम बाराबंकी जिला निवासी सिराज बताया था। कुछ लोगों का कहना है कि चोर की मौत हार्ट अटैक से हुई है। पुलिस ने गांव पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम की कार्यवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानंद कुशवाहा, कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक बीके मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे हैं। ग्रामीणों का बयान दर्ज किया जा रहा है। एएसपी सिटी रामानंद कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।