प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली में छुट्टा जानवरों का मुद्दा उठाया। पयागपुर में मंगलवार को उन्होंने कहा कि यूपी के किसानों के सामने छुट्टा जानवरों की समस्या है। उसका इलाज करके आया हूं। 10 मार्च के बाद इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक समय था कि जब विरोधियों ने मेरी सभी योजनाओं का मजाक उड़ाया था। वह सब अब चुप है। प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवारवाद की सरकारें लगातार भेदभाव करती रही, लेकिन यह भाजपा सरकार बनते ही खत्म हो गया। जिन्होंने चीनी मिलों पर ताले लगवाएं। वह अब किसानों के हित की बात कर रहे हैं।
पीएम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि पिछली एक दशक की सरकारों ने दो लाख लोगों को नौकरियां दी। वहीं योगी की पांच साल की सरकार ने पांच लाख लोगों को नौकरियां दी। आतंकवाद के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन पर कई बम धमाके का आरोप था। विपक्षी उन्ही को छुड़ाने जा रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच, बाराबंकी, गोंडा की रैली में कहा कि सपा का नया नाम दंगेश है जिसने दंगों के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। दंगाई को सम्मानित करते थे। उन्होंने कहा कि 10 मार्च के बाद फिर डबल इंजन की भाजपा सरकार होगी। इसके एक हाथ में विकास की चाभी तो दूसरे हाथ में बुलडोजर की स्टेयरिंग होगी। बुलडोजर गरजेगा, जिससे आम लोगों को सुरक्षा मिलेगी। गरीबों का हक हड़पने वालों को बुलडोजर सबक सिखाएगा। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार होती तो कोरोना की सारी वैक्सीन ब्लैक हो जाती।