ग्रामीणों ने लखीमपुर खीरी जिले के सुजानपुर जंगल में नदी किनारे महिला का शव उतराता देखा, जिसकी पहचान भरथापुर निवासी सुमन (28) के रूप में हुई है। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेस्क्यू दल में ये रहे शामिल
रेस्क्यू दल में हेड कांस्टेबल बी रवी भंडारी, एम राजेश सिंह, मुकेश कुमार सिंह, आशीष गौड़, परेशचंद्र शेट्टी, कांस्टेबल मिथिलेश कुमार, मनोज शिवाजी रावत, पुनीत कुमार, राजेश कुमार मौर्य, अवधेश सिंह तोमर और सुमित शामिल रहे।
तलाशी में आ रही है समस्या
नदी का प्रवाह तेज है। क्षेत्र भी घने जंगलों से घिरा है। इस कारण तलाशी में कठिनाई आ रही है। इसके बाद भी जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता, अभियान जारी रहेगा। सोमवार सुबह से फिर अभियान शुरू किया जाएगा।- अक्षय त्रिपाठी, जिलाधिकारी-बहराइच
भरथापुर गांव में नाव दुर्घटना में पीड़ित परिजनों से रविवार को मिलने के जा रहे सपाइयों को पुलिस टीम ने रोक दिया। तीखी नोकझोंक हुई। काफी कहासुनी के बाद पुलिस ने सपाइयों को पीड़ित परिवार से मिलाया। सपाइयों ने शासन-प्रशासन व सरकार पर गंंभीर आरोप लगाए।
भरथापुर गांव में हुई नाव दुर्घटना में अभी भी छह लोग लापता है। रविवार को पीड़ित परिवार के लोगों से मिलने निकले सपाइयों की टीम जब भरथापुर गांव के बॉर्डर पर पहुंची, तो पुलिस के जवानों ने आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। बहस के बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कराई।
मुलाकात के बाद सपाइयों ने कहा कि पीड़ितों से मिलने पर रोक लगाना लोकतंत्र व मानवीय संवेदना का दमन है। पीड़ित परिवार को जो भी सहायता मिलनी चाहिए, वह नहीं मिल रही है। राहत व पुनर्वास के नाम पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
सपाइयों ने चेतावनी दी कि अगर पीड़ितों के लिए उचित सहायता व पुनर्वास की कोई व्यवस्था नहीं होगी, तो सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री बंशीधर बौद्ध, युवजनसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेश सिंह शैलू, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नंदेश्वरनंद यादव, अंबेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष पेशकार राव, कृष्ण कुमार मौर्या मौजूद रहे।