रदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिपहिया प्यूली में शुक्रवार की देर शाम प्रधानी चुनाव की रंजिश में एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां युवक की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद युवक को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
ग्राम पंचायत सिपहिया प्यूली निवासी सचिव अवस्थी व राजन अवस्थी के बीच प्रधानी के चुनाव को लेकर विवाद है। सचिव अवस्थी वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि हैं तो वहीं राजन अवस्थी की मां पूर्व प्रधान रह चुकी हैं। राजन अवस्थी के भाई आशुतोष अवस्थी ने आरोप लगाते हुए बताया कि शुक्रवार की शाम उनके भाई राजन अवस्थी दोस्त के साथ कहीं जा रहे थे। इस दौरान पहले से घात लगाकर बैठे सचिव अवस्थी व मृत्युंजय अवस्थी ने राजन पर फायर झोंक दिया। वहीं सचिव के भाई शिवम अवस्थी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
आशुतोष ने आरोप लगाया कि एक गोली राजन के सीने में जा धंसी और राजन अचेत होकर गिर गए। हमले के बाद सभी मौके से फरार हो गए। आनन फानन में राजन को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। जहां से उन्हें चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव बना हुआ है।
जांच की जा रही है
मौके पर टीम के साथ पहुंच कर जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं के केस दर्ज किया जाएगा।- संजय सिंह, थाना प्रभारी