बहराइच के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में मामूली विवाद के बाद बेटे ने पिता पर फावड़े से हमला कर दिया। घटना में वृद्ध पिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
विज्ञापन
नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगन्नाथ पुर फुटहा में शुक्रवार देर रात रामसुख यादव ने अपने पिता राम विलास यादव को फावड़े से हमला कर मार डाला। ग्रामीणों की तरफ से बताया जाता है कि शुक्रवार रात में दोनों के बीच शनिवार सुबह धान की रोपाई के लिए बेरन काटने के लिए खुरपा पीटने को लेकर कहासुनी हो गई थी।
इस दौरान पास में ही रखे फावड़े से रामसुख ने पिता पर हमला कर दिया। जब तक वृद्ध पिता संभलते तब तक ताबड़तोड़ कई वार होने के बाद मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के पोते नीतीश यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।