लखनऊ। बीबीडी इलाके में शनिवार देर रात बालू के ढेर पर चंदिया मऊ निवासी सेल्समैन बालेंद्र कुमार सिंह (26) मरणासन्न मिले। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। उनके बहनोई राजेश सिंह ने मोबाइल और 20 हजार रुपये लूटकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। उन्होंने जांच की मांग की है।
राजेश के मुताबिक बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला के रहने वाले बालेंद्र बैग फैक्टरी में सेल्समैन थे। फैक्टरी के सर्वेंट क्वार्टर में परिवार संग रहते थे। वह फैक्टरी मालिक का चिनहट में बन रहे घर का काम भी देख रहे थे। राजेश ने बताया कि उनका साला शनिवार सुबह घर से 20 हजार रुपये लेकर बाइक से निकला था। देर रात पुलिस ने बालेंद्र के भाई शैलेंद्र को घटना की सूचना दी। परिवार में पत्नी गीता व तीन बेटियां हैं। 20 दिन पहले ही उन्होंने बाइक खरीदी थी। इंस्पेक्टर बीबीडी के मुताबिक घटना की कोई जानकारी नहीं है।