फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

...तो लाल किले पर मुझे सजा दो: आजम

Fri, 10 Oct 2014 08:44 AM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के ताकतवर मंत्री आजम खां ने सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन अपने भाषण में कहा कि मैंने कोई बेईमानी नहीं की है। अगर बेईमानी का एक भी दाग मिले तो मुझे लाल किले पर खड़ा करके जो चाहो वो सजा दो।
विज्ञापन


आजम ने कहा कि मेरा सिर्फ एक ही अकाउंट है, वो भी सैलरी अकाउंट। मैंने जौहर यूनिवर्सिटी सबकी मदद से बनाई है। उन्होंने कहा कि मैंने झाड़ू लगाने वालों हाथों में कलम थमाई है।

राष्ट्रीय महासचिव आजम खां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसी भी सूरत में बख्शने के मूड में नहीं थे। उन्होंने मोदी को दंगा कराने वाला बताया। उन्होंने कहा कि मोदी फिर सहारनपुर और मुज्जफरनगर जैसे दंगे करवाएंगे।
विज्ञापन


आजम खां यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि भेड़िया खाल बदलकर आया है। 125 करोड़ लोगों के बादशाह (मोदी) के दामन पर बेगुनाहों के कत्ल के दाग हैं। उन्होंने मोदी को बहुरूपिया बताया।

आजम रुके नहीं बोले कि भाजपा वाले मुसलमानों को कहते हैं कि पाकिस्तान चले जाओ। बापू जिंदा होते तो कोई माई का लाल नहीं कह पाता कि पाकिस्तान वापस चले जाओ। जब कुत्ता मालिक का घर नहीं छोड़कर जाता तो मुसलमान अपना वतन छोड़कर कैसे चले जाएं।

ये बोलीं डिंपल यादव

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी और कन्नौज की सांसद डिम्पल यादव ने कहा कि भ्रूण हत्या, महिला स्वास्थ्य और कुपोषण के क्षेत्र में जागरूकता के लिए सरकार के साथ ही संगठन के स्तर से प्रयास होने चाहिए। डिम्पल ने सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन गुरुवार को राजनीतिक-आर्थिक प्रस्ताव पर बोलते हुए नौवीं बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर मुलायम सिंह यादव को बधाई दी।

उन्होंने विधानसभा चुनाव के घोषणापत्र में किए गए वादों को दो साल में पूरा करने के लिए भी नेताजी और मुख्यमंत्री को बधाई दी। डिम्पल ने कहा कि सपा सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, मंडी परिषद आदि क्षेत्रों में ठोस कदम उठाए हैं। शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर में कमी आई है।

इसके लिए प्रदेश सरकार को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पुरस्कृत किया है। बिल गेट्स फाउंडेशन ने भी इस प्रयास की प्रशंसा की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गरीबी, कुपोषण को सरकार और गंभीरता से लेगी। डिम्पल ने कहा कि वीमन पावरलाइन 1090 के जरिये दो लाख महिलाओं की समस्याओं का समाधान हुआ है।

बालिकाओं के सशक्तीकरण के लिए उन्हें लैपटॉप दिए गए। डिजिटल हाईवे, कन्या विद्या धन, हमारी बेटी-उसका कल और समाजवादी पेंशन जैसी योजनाओं के लिए भी उन्होंने मुख्यमंत्री को सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाना सभी का दायित्व है।
विज्ञापन

गद्दारों को पार्टी से निकाल के बाहर करो

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन ने मुख्यमंत्री से बेबाकी से कहा कि जिन मंत्रियों का काम ठीक नहीं है, उन्हें निकाल दीजिए। गद्दारी करने वाले और जमीनी स्तर पर काम करने वाले पार्टी के वफादार एक साथ नहीं बैठ सकते।
राजनीतिक-आर्थिक प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सुमन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद वे हर स्तर पर गहन समीक्षा कर चुके हैं।

उनकी जानकारी में है कि किसने काम किया, किसने नहीं। जिनकी कार्यप्रणाली ठीक नहीं है, उन्हें बाहर कर दें तो बड़ी मेहरबानी होगी। सुमन ने कहा कि जो लोग बड़े ओहदे वाले हैं, वे मुलायम सिंह के नाम के बिना ग्राम प्रधान तक का चुनाव नहीं जीत सकते।

नेताजी, अखिलेश को सौंपिए कमान
सुमन ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में वे यह मुद्दा उठा चुके हैं कि बसपा जैसा दल जम्मू-कश्मीर में अपनी उपस्थिति के कारण राष्ट्रीय पार्टी बन जाता है तो सपा क्यों नहीं? सपा का जनाधार बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से काम होना चाहिए। दूसरे राज्यों में आयातित उम्मीदवारों से चुनाव लड़ते हैं।

बाद में उनका पता नहीं रहता। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को सलाह दी कि सपा का राष्ट्रीय स्वरूप बनाने के लिए अखिलेश यादव के हाथों में कमान सौंप दें। वे देश का दौरा कर संगठन खड़ा करें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें