दलित चिंतक-साहित्यकार कंवल भारती ने आगामी एक-दो महीनों में अपनी हत्या कराए जाने की आशंका जाहिर की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि फेसबुक पर की गई टिप्पणी के बाद नगर विकास मंत्री आजम खां उनकी हत्या करवा सकते हैं। उनका फोन तक सर्विलांस पर लगा हुआ है। यही नहीं उनके हर कदम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
रविवार को कैसरबाग के राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह जयशंकर प्रसाद सभागार में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे भारती ने कहा कि आजम खां की वजह से रामपुर में जंगलराज चल रहा है, वहां सूबे की सरकार या मुख्यमंत्री का कोई भी राज नहीं है।
पत्रकारों से बातचीत में कंवल भारती ने महज एक टिप्पणी से सांप्रदायिक हिंसा के अंदेशे को हास्यापद करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खां उनके बहाने रामपुर में दो संप्रदायों को भड़काना चाहते थे।
फेसबुक पर की गई टिप्पणी पर सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि टिप्पणी उनकी अभिव्यक्ति थी। खुद पर लगाई गई कानूनी और साइबर क्राइम की धाराओं के बताने के बाद उन्होंने कहा कि आज भी उनके कदम-कदम पर नजर रखी जा रही है।
संदिग्ध युवक दिन भर उनके घर के बाहर टहलते हैं, रिवॉल्वर लहराते हैं। लेखक ने कहा कि इस मसले पर न तो वे किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ना चाहते हैं, न ही किसी का समर्थन ही चाहते हैं।
आजम खां से सीधी बातचीत के मसले पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि आज तक उनकी आजम खां से किसी भी मसले पर आमने-सामने या फोन पर कोई बातचीत नहीं हुई है।