समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके दामाद रॉबर्ट वॉड्रा पर तीखे तंज कसे।
कहा कि वॉड्रा को लूट का पूरा हक है। वह सोनिया गांधी के दामाद है, इसलिए उनके खिलाफ जांच नहीं होनी चाहिए।
अखबारनवीसों से रूबरू आजम खां ने व्यंग्य के लहजे में कहा कि भारतीय संस्कृति में दामाद का रिश्ता सबसे बड़ा होता है।
दामाद नेहरू-गांधी जैसे ताकतवर परिवार का हो तो क्या कहना। रॉबर्ट वॉड्रा सोनिया गांधी के दामाद है। देश के दामाद से हिसाब लेने का किसी को हक नहीं है।
वॉड्रा को लूटने का पूरा-पूरा हक है। उन्होंने कम लूटा है। कामनवेल्थ गेम्स के ठेकों की जांच हो जाए तो कई जानकारियां सामने आएंगी। उन्होंने कहा-‘सोनिया गांधी के दामाद की जांच होनी भी नहीं चाहिए। ये उनका प्रिविलेज (विशेषाधिकार) है’।
आजम ने कहा, कांग्रेस राज में घोटाले होते हैं तो सोनिया चुप रहती है, बसपा राज में अफसर निलंबित होते हैं तो नहीं बोलतीं।
हमने एक एसडीएम को निलंबित कर दिया तो उन्होंने प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिख दी। ऐसा नहीं होना चाहिए। इस मामले पर कांग्रेस विधायक की टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि उन्हें चुल्लू भर पानी में डूब जाना चाहिए।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वादे के मुताबिक कुंभ मेले के लिए मदद नहीं की। वादा किया और कुंभ के इंतजाम के लिए पांच सौ करोड़ रुपये नहीं दिए।