श्रीरामजन्मभूमि/बाबरी मस्जिद भूमि विवाद में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले ही अयोध्या में सुरक्षा घेरा सख्त हो गया है। पंचकोसी परिक्रमा समाप्त होते ही विवादित परिसर के एक किमी परिधि में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है।
कार्तिक पूर्णिमा मेला में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए 11 और 12 नवंबर को मेक शिफ्ट स्ट्रक्चर में विराजमान रामलला के दर्शन अवधि एक घंटे बढ़ा दी गई है। एडीएम नगर डॉ. वैभव शर्मा ने बताया कि दोनों दिन पहली पाली में सुबह सात से साढ़े 11 बजे और दूसरी पाली में साढ़े 12 बजे से पांच बजे तक होगी। इसके बाद दर्शन अवधि पहले की ही तरह रहेगी।
‘अयोध्या में पर्याप्त सुरक्षा बल मौजूद हैं। अब फैसले के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। बैरिकेडिंग से कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। सब सामान्य रहेगा। मेक शिफ्ट स्ट्रक्चर में विराजमान रामलला के दर्शन में कोई बाधा नहीं आएगी। सुरक्षा के लिए एक हेलीकाप्टर भी यहां मौजूद रहेगा। 10 अस्थायी जेलें बनाई गई हैं।’ - अनुज कुमार झा, डीएम, अयोध्या