रुदौली (अयोध्या) में थाना मवई के ग्राम पारा पहाड़पुर में मजदूर दिवस पर बोरवेल में घुसे दो मजदूर बोरवेल धसने से दब गए। मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला गया, सामुदायिक स्वास्थ केंद्र रूदौली ले जाते समय एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।
थाना मवई के ग्राम पारा पहाड़पुर मजरे पूरेकारी के निवासी इब्राहिम पुत्र याकूब के खेत में रविवार को बोरिंग हो रही थी। बोरिंग के 10 फुट गहरे बोरबेल में तैय्यब (45) पुत्र उस्मान निवासी ग्राम पारा पहाड़पुर व फिरोज (30) दोपहर में उतरे। इस दौरान बोरवेल की दीवार की मिट्टी बोरवेल में घुसे युवकों पर गिर गई, जिसमें दोनों दब गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को बोरवेल से निकाला गया।
ग्रामीण और परिजन घायल अवस्था में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रूदौली पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने तैय्यब को मृत घोषित कर दिया जबकि फिरोज को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। कोतवाल शशिकांत यादव ने कहा कि मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रुदौली क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि मौके पर लेखपाल को बुलाया गया है, मृतक के परिवार को हर संभव सरकारी मदद दिलवाई जाएगी।