राममंदिर निर्माण को लेकर रामनगरी के साधु-संत अब इंतजार के मूड में नहीं हैं। सरकार पर दबाव बनाने के क्रम में तपस्वी छावनी मंदिर के महंत परमहंस दास ने राममंदिर निर्माण के लिए एक अक्टूबर से आमरण अनशन करने का एलान कर दिया है।
तपस्वी छावनी के महंत परमहंस दास ने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राष्ट्रपति से लेकर जिला प्रशासन को भेज दी है। बताया कि एक अक्टूबर की सुबह से वह अनशन शुरू करेंगे और अनशन तब तक जारी रहेगा जब तक राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त नहीं हो जाता।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही मंदिर में प्रतिदिन शिलापूजन के भी कार्यक्रम का शुभारंभ एक अक्टूबर से ही किया जा रहा है। यह शिलापूजन भी मंदिर निर्माण होने तक अनवरत जारी रहेगा। कहा कि शिलापूजन में प्रतिदिन साधु-संतों के अलावा रामभक्त भी मौजूद रहेंगे।
महंत परमहंस दास कहते हैं कि हमारी लड़ाई मुस्लिमों से नहीं है। हमें तो बस राममंदिर चाहिए रामजन्म भूमि दुनिया में कहीं और नहीं हो सकती। इसलिए मुस्लिम भाई राममंदिर निर्माण में सहयोग करें। इसका संदेश दुनिया भर में जाएगा।
कहा कि मोदी सरकार जब अन्य कानून ला सकती है तो राममंदिर के लिए कानून क्यों नहीं लाती। मोदी का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन हमारी आकांक्षाएं अभी अधूरी हैं, इसलिए अब हम राममंदिर के लिए स्वयं ही पौरुष करेंगे, इसके लिए जान ही क्यों न देना पड़े।