Ayodhya Lata Mangeshkar Chowk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रेन के कोच में जाकर बच्चों से संवाद भी किया। बच्चों के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी। किसी ने पीएम मोदी को कविताएं सुनाईं तो किसी ने अपने संस्मरण भी बताए। पीएम ने हाथ हिलाकर बच्चों, कर्मचारियों का अभिवादन भी किया। पीएम ने भी बच्चों से हालचाल जाना।
अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के लोकार्पण के उपरांत वापस एयरपोर्ट लौटते समय प्रधानमंत्री सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर चौक गए। गौरतलब है कि लता मंगेशकर के जन्मदिवस पर 28 सितंबर 2022 को इसका उद्घाटन किया गया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में मौजूद थे। यहां 14 टन वजनी व 40 फ़ीट लम्बी वीणा लगाई गई है। शनिवार को यहां वीणा के पास पहली बार पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाव विभोर हो गए। उन्होंने वीणा को निहारकर यहां की अलौकिक छवि का दीदार किया। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी विस्तृत जानकारी भी ली। उन्होंने अयोध्या के समूचे जनमानस का यहीं से अभिवादन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यहां देख जनता भी अभिभूत हो गई। यहां प्रभु सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के सुरों में श्रीराम के भजन भी गूंज रहे थे।
विज्ञापन
हरी झंडी दिखाकर नई ट्रेनों को किया रवाना, कोच में बच्चों से भी किया संवाद
अयोध्या के इतिहास में 30 दिसंबर 2023 की तिथि स्वर्णाक्षरों में लिख दी गई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को पुनर्विकसित अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की सौगात दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुनर्विकसित अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली, अमृतसर-नई दिल्ली, कोयम्बटूर-बेंगलुरु, मंगलूरु-मडगांव, जालना-मुंबई एवं अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल के बीच 6 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, अयोध्या-दरभंगा एवं मालदा टाउन-बेंगलुरु के बीच 2 अमृत भारत ट्रेन की सौगात दी।
स्टेशन की सुविधाओं व बारीकियों से अवगत हुए मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टेशन की सुविधाओं को भी देखा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे स्टेशन के बारे में बारीकी से जानकारी दी। यहां क्या-क्या सुविधाएं किस-किस जगह होंगी, इससे भी पीएम को थ्रीडी मिनिएचर मॉडल के जरिए जानकारी दी।
विज्ञापन
ट्रेन के भीतर से भी लगे जय श्रीराम के जयघोष
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई तो ट्रेन के अंदर बैठे बच्चे व यात्री जन भी जयश्रीराम, जय-जय सियाराम का उद्घोष करने लगे।
बाबा को देख भाव विह्वल हो उठे बच्चे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बालप्रेम किसी से छिपा नहीं है। शुक्रवार को अयोध्या आगमन पर भी सीएम ने रामपथ पर बच्चों से हालचाल जाना था तो शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब अयोध्या पहुंचे तो यहां भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के बच्चों से मिलने लगे। सर्द मौसम में बच्चे अपने बीच योगी आदित्यनाथ को पाकर विह्वल हो गए। सीएम ने बच्चों से पहले नाम पूछा, फिर बोले-स्कूल जाते हो, क्या-क्या पढ़ाई करते हो। यह प्रश्न सुनकर मुस्कुराते बच्चों ने सीएम के प्रश्नों का जवाब भी दिया। सीएम ने यहां कई बच्चों से बातचीत की।