अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद यहां की अर्थव्यवस्था में जबर्दस्त उछाल आया है। इस वर्ष अयोध्या में तीन करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है जो यहां के कारोबारी माहौल को बिल्कुल बदल देगा। अगले तीन साल में अनुमान लगाया जा रहा है कि राम मंदिर निर्माण के बाद यहां सालाना आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 25 करोड़ तक पहुंच जाएगी।
पर्यटन विभाग का मानना है कि अयोध्या में 55 हजार करोड़ की कमाई होगी। लेकिन हकीकत में ये आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा है। ट्रेड एनालिस्टों के मुताबिक सालभर में अयोध्या की अर्थव्यवस्था एक लाख करोड़ को पार कर जाएगी। यही वजह है कि दुनियाभर की कंपनियां यहां जमीन तलाश रही हैं।
नई अयोध्या में विकास की रफ्तार देंगे नया रेलवे स्टेशन और अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा। मजबूत ट्रांसपोर्ट नेटवर्क अयोध्या को धार्मिक पहचान के साथ साथ कारोबारी रूप से भी सशक्त बनाएगा। अभी एयरपोर्ट का पहला चरण तैयार हुआ है। जल्द ही दूसरा टर्मिनल भी बनकर तैयार होगा जो 50 हजार वर्गमीटर का होगा। वर्तमान एयरपोर्ट की यात्री क्षमता 10 लाख यात्री प्रति वर्ष होगी। दूसरे चरण का काम पूरे होने का बाद यह क्षमता 60 लाख यात्री प्रति वर्ष तक हो जाएगी। साफ है कि देश ही नहीं दुनिया भर के लोग सीधे अयोध्या आ सकेंगे। अयोध्या में 67 किलोमीटर बायपास रोड बनेगी, जिससे स्थानीय पर्यटन पूरे साल गुलजार रहेगा।
डेवलपमेंटल और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट अयोध्या को ‘क्षेत्रीय ग्रोथ हब’ के रूप में बदल रहे हैं। इसी का नतीजा है कि अयोध्या में जमीन की कीमतें औसतन पांच गुना बढ़ गई हैं। उत्तर प्रदेश में ये सबसे तेज प्रापर्टी ग्रोथ है। रीयल इस्टेट कंपनियों के मुताबिक वर्ष 2027 तक यही प्रापर्टी दस से पंद्रह गुना कीमत पर भी नहीं मिलेगी।
दो मल्टीनेशनल होटलों की लग्जरी चेन की घोषणा ने प्रापर्टी की कीमतों में आग लगा दी है। बड़े डेवलपर्स की नजर भी अयोध्या पर पड़ गई है। अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप द्वारा लग्जरी अपार्टमेंट के एलान के बाद देश के कई बड़े रियल इस्टेट डेवलपर यहां कदम रख रहे हैं। कुछ ने जमीन ले ली है तो कुछ तलाश में हैं। अयोध्या में पेइंग गेस्ट योजना में अब तक 40 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी लोग भी पर्यटकों को होम स्टे सुविधा में रुचि दिखा रहे हैं।
सबसे बड़ी मिनरल वाटर कंपनी अयोध्या में अपना प्लांट लगा रही है। कंपनी आने वाले समय में बोतलबंद पानी, सॉफ्ट ड्रिंक्स, स्नैक्स और ग्रॉसरी की सप्लाई तेज करेगी। बिस्किट और अन्य एफएमसीजी प्रोडक्ट्स बनाने वाली एक अन्य दिग्गज कंपनी अयोध्या और आसपास डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क बढ़ा रही है। अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर मल्टीनेशनल बर्गर ब्रांड का नया आउटलेट खुल रहा है। भारतीय बर्गर ब्रांड का आउटलेट भी पहले ही शुरू हो गया है। मल्टीनेशनल रेडीमेड चेन, पिज्जा चेन के आउटलेट्स भी खुल चुके हैं। हाइपर मार्केट का निर्माण भी प्रस्तावित है।
मंदिर निर्माण का असर केवल अयोध्या तक नहीं दिखेगा बल्कि 84 कोकी परिक्रमा मार्ग की परिधि में आने वाले इलाकों को भी इससे जबर्दस्त फायदा होगा। इस मार्ग के निर्माण को अनुमति मिल चुकी है। 84 कोसी परिक्रमा मार्ग की परिधि में बस्ती, अंबेडकर नगर, बाराबंकी, गोंडा और अयोध्या आते हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों को काफी लाभ होगा। खास तौर पर छोटे उद्यमी और छोटे व्यापारियों का व्यापार तेजी से चमकेगा।
यूपी का सबसे बड़ा निवेश भी अयोध्या में होने जा रहा है. ब्रिटेन की कंपनी ट्राफलगर स्क्वायर कैपिटल अयोध्या में डिफेंस विनिर्माण की इकाइयां लगाएगी। इसके लिए कंपनी ने पांच एमओयू किए हैं. कुल निवेश 75000 करोड़ रुपये का होगा। इसके अतिरिक्त अयोध्या के नजदीक गोंडा में 595 करोड़ के निवेश से कई उद्योग लग रहे हैं। प्लाईवुड की चार बड़ी इकाइयां लग रही हैं। अयोध्या में अलग से 33 हजार करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है।