राम दरबार समेत आठ देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा पांच जून को गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर सुबह 11:25 से 11:40 बजे तक अभिजीत मुहूर्त में होगी। गंगा दशहरा के दिन सिद्ध योग भी बन रहा है। इसी दिन रामेश्वरम की भी प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। सुबह छह बजे से प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान शुरू होगा। सुबह देवताओं का पूजन यज्ञमंडप में किया जाएगा। इसके बाद प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान शुरू होगा। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ समेत पांच सौ से अधिक मेहमान शामिल रहेंगे। पूजन, भोग, आरती के बाद अनुष्ठान का समापन होगा। समारोह में संघ, विहिप व भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। स्थानीय साधु-संतों की भी मौजूदगी रहेगी। जातीय मंदिरों के संतों को भी बुलाया गया है। सभी के लिए परिसर में ही लंच पैकेट की व्यवस्था की गई है।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद सीता राम समेत चारों भाइयों व हनुमान जी को आभूषण पहनाए जाएंगे। यह आभूषण सूरत के हीरा व्यापारी ग्रीन लैब के मालिक मुकेश पटेल ने दान किया है। विहिप के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश नेवादिया ने बताया कि एक कैरेट का हीरा, 30 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना के प्रयोग से 11 मुकुट बनाए गए हैं। चारों भाइयों के लिए चार बड़े और तीन छोटे धनुष भी बनाए गए हैं। चार तुणीर, तीन गदा और चॅवर भी बनाए गए हैं। इन आभूषणों को निजी प्लेन से सरकार के सहयोग से अयोध्या लाया गया, जिसे बुधवार को राम मंदिर ट्रस्ट को समर्पित किया गया। 22 जनवरी को हुई प्राण प्रतिष्ठा में भी मुकेश पटेल ने बालकराम को मुकुट भेंट किया था। वहीं हैदराबाद के रामभक्त श्रीनिवासन ने राम दरबार के लिए 14 किलो चांदी से धनुष बाण निर्मित कर राम मंदिर ट्रस्ट को सौंपा है। इसमें ढाई किलो का सोना भी लगा है।
राम जन्मभूमि परिसर में राजाराम समेत आठ देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के साक्षी देश-दुनिया के भक्त घर बैठे बन सकेंगे। राम मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर प्रशासन की ओर से समारोह के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है। दूरदर्शन की टीम ने परिसर में डेरा जमा दिया है। सुबह नौ बजे से प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान का लाइव प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा। अयोध्याधाम में जगह-जगह लगी एलईडी पर भी लाइव प्रसारण देखा जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- अयोध्या: राम दरबार सहित कई मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा कल, सीएम योगी रहेंगे मौजूद; यहीं मनाएंगे अपना जन्मदिन
संबंधित वीडियो-