सरयू में डुबकी लगाने के बाद आस्था का रेला मठ-मंदिरों की चौखट पर माथा टेकने पहुंचता रहा। राम मंदिर में सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं की कतार लग गई। अल सुबह भीषण ठंडक के बाद जैसे ही धूप निकली श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होने लगा। सुबह मंगला आरती व दोपहर भोग आरती के दौरान भी श्रद्धालुओं को दर्शन मिलता रहा। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने बताया कि पांच कतारों में श्रद्धालुओं को दर्शन कराया जा रहा है। करीब ढाई लाख श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए हैं। भीड़ बढ़ने पर कतार की संख्या बढ़ाई जाएगी।
धर्मपथ पर वाहनों की कतार से घंटों लगा रहा जाम
अयोध्या में मौनी अमावस्या पर्व को लेकर धर्मपथ के प्रवेश मार्ग पर वाहनों के आवागमन पर रोक लगाए जाने से रविवार को लंबा जाम लग गया। सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन की ओर से केवल पास प्राप्त वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही थी। इसके चलते अन्य वाहनों को प्रवेश न मिलने से सड़क पर वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती गई और लंबी कतारें लग गईं। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि राहगीरों और स्थानीय लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में घंटों का समय लग गया। एंबुलेंस और दैनिक उपयोग के वाहनों को भी जाम में फंसने के कारण परेशानी झेलनी पड़ी।
श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित की गई एक लेन
मौनी अमावस्या पर भीड़ बढ़ने के चलते रामपथ की एक लेन श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित कर दी गई है। दूसरे लेन पर आवागमन सुचारु रूप से चलता रहा। उदया चौराहे से चार पहिया वाहनों को रामपथ पर प्रवेश नहीं दिया गया। जबकि मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग को बैरियर व बैरीकेडिंग कर पूरी तरह बंद कर दिया गया। सुबह 10 बजे के बाद भीड़ हल्की होने पर दो पहिया वाहन चालकों को आवागमन की अनुमति दी गई।