राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित आयुष मेले में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या धाम पहुंचकर रामलला व हनुमानगढ़ी के दरबार में माथा टेका। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री मणिरामदास की छावनी पहुंचे, जहां नवनिर्मित श्रीराम सत्संग भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी की अनुकंपा से रामनगरी विकास की नई ऊंचाईयों की ओर जा रही है। अयोध्या में बन रहे राममंदिर की भव्यता दुनिया देखती रह जाएगी। अयोध्या को दुनिया की सबसे सुंदर नगरी बनाने में हम सभी अपना योगदान दें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि त्रेतायुग की अयोध्या का दर्शन अयोध्यावासियों सहित देश-दुनिया को होता दिखाई दे, यह प्रयास चार वर्ष पहले प्रारंभ किया था। हमने जिस दीपोत्सव के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया था, वह दीपोत्सव अयोध्या का महोत्सव बन चुका है। उन्होंने श्रीराम सत्संग भवन के निर्माण को अभिनंदनीय कार्य बताते हुए कहा कि महंत नृत्यगोपाल दास के सानिध्य में बना श्रीराम सत्संग भवन श्रद्धालुओं के लिए एक सुविधाजनक स्थान प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने भानुदत्त त्रिपाठी द्वारा रचित पुस्तक रामलला स्रोत का भी विमोचन किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री के पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चारों के मध्य उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने की। उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने आभार व्यक्त करते हुए इशारों के जरिए लोगों से योगी आदित्यनाथ को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की अपील भी की। मंच का संचालन डॉ.रामानंद दास ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पंडित कृपानिधान तिवारी, विहिप के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा, शक्ति सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
काशी, मथुरा बाकी है...की उठी आवाज
सीएम योगी ने राममंदिर निर्माण को सरकार की उपलब्धि से जोड़ते हुए कहा कि अयोध्या में जब 2019 से पहले आते थे तो हर कोने से एक ही आवाज आती थी कि योगी जी एक काम करो मंदिर का निर्माण करो...। सीएम ने पूछा कि अब किसी को कोई संदेह है, जो कहा था, वह करके दिखाया तो पूरा सत्संग हाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इसी दौरान कुछ भक्तों की आवाज गूंजने लगी कि काशी, मथुरा बाकी है...।
दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी का मंत्र अपनाएं
सीएम योगी ने एक बार फिर से बढ़ती कोरोना महामारी के प्रति सभी को चेताया। कहा कि जिसने वैक्सीन ली हो हाथ ऊपर उठाए। सांसद को लल्लू महाराज कहते हुए उनसे भी पूछा कि आपने वैक्सीन ली कि नहीं, सीएम ने कहा कि जीवन और जीविका को बचाने के क्रम में हम सबका दायित्व बनता है कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें। दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी का मंत्र अपनाएं। सभी वैक्सीन ले लें, वैक्सीन सुरक्षा कवच का काम करेगा वैक्सीन। कोरोना हारेगा, देश जीतेगा, इस लक्ष्य के साथ कार्य करना होगा।
त्रेतायुग की तरह सज रही अयोध्या : नृत्यगोपाल दास
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने पीएम मोदी व सीएम योगी की प्रशंसा करते हुए कहा कि दोनों के नेतृत्व में अयोध्या त्रेतायुग की तरह सज रही है। उन्होंने श्रीरामसत्संग भवन का लोकार्पण करने के लिए मुख्यमंत्री को आभार भी ज्ञापित किया।
योगी ने किया उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का काम : सर्वानंद
श्रीराम सत्संग भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनेवाला ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश विश्व गुरू बने यही अयोध्या की धरती से प्रार्थना है। अयोध्या पवित्र स्थान है। जहां राम हैं, हनुमान हैं, मां सीता का आशीर्वाद है, और क्या चाहिए। मैं तो यह मानता हूं कि सबसे सौभाग्यशाली जनता उत्तर प्रदेश की है। कहा कि उत्तरप्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का काम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है।
मुख्यमंत्री ने संतों से लिया आशीर्वाद
मंच पर पहुंचते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी संतों को एक-एक कर प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। संतों ने भी पूरे स्नेह के साथ योगी का अभिनंदन किया। मंच पर मौजूद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, महंत कमलनयन दास, महंत देवेंद्र प्रसादाचार्य, जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य, जगद्गुरु श्रीधराचार्य, महंत रामशरण दास, महंत मैथिलीरमण शरण, राममंदिर के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास, महंत सुरेश दास, महंत रामकुमार दास, अधिकारी राजकुमार दास, महंत मिथिलेश नंदिनी शरण, महंत अर्जुन दास, ज्ञानी गुरुजीत सिंह, ज्ञानी चरनजीत सिंह सहित अन्य संतों ने श्रीराम सत्संग भवन के निर्माण की प्रशंसा की।
सीएम ने देखी राममंदिर निर्माण की प्रगति
सीएम का हेलीकॉप्टर रामकथा पार्क के पास बने अस्थायी हैलीपैड पर करीब 11:30 बजे उतरा। इसके बाद वे सीधे रामजन्म भूमि गए। यहां उन्होंने श्रीरामलला का दर्शन-पूजन कर आरती उतारी। इसके बाद राममंदिर निर्माण कार्य की प्रगति जानी। ट्रस्टी डॉ.अनिल मिश्र सहित इंजीनियरों ने मुख्यमंत्री को मंदिर निर्माण की प्रगति से अवगत कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी में भी दर्शन-पूजन किया।