लखनऊ। विनय खंड स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित सुरेश चंद्र त्रिपाठी मेमोरियल जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट में अयांश जोशी व आरव सिंह ने अंडर-11 बालक एकल में रोमांचक जीत दर्ज करते हुए अंतिम-16 में जगह बनाई। दूसरी ओर विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया।
पहले दिन अंडर-11 बालक एकल के राउंड 32 में अयांश जोशी ने युग अंकित गुप्ता को 22-20 और आरव सिंह ने आरव राज को 24-22 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया। अंडर-15 बालक एकल वर्ग में कार्तिकेय सिंह ने अनिमेश राज को 27-25, एकाश कनौजिया ने प्रशांत राजपूत को 21-15, मेहर ने अन्वय मौर्या को 21-16 और सुमित यादव ने समृद्ध पांडेय को 21-16 से पराजित किया। प्रतियोगिता के अंडर-13 बालक एकल में अर्णव सिंह ने दक्ष को 21-9 और निश्चल राजेंद्र ने दीपक सदाना को 21-16 से मात दी।
अंडर-17 बालक एकल में इंफिनाइट के त्रियाकाश ने प्रत्यूष उपाध्याय को 30-18 और आशीष कुमार ने आदित्य जायसवाल को 30-23 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। इससे पहले स्वराज कल्याण सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. सोमेंद्र तोमर (राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार, ऊर्जा) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। इस दौरान जेनस सोलर के निदेशक संदीप द्विवेदी, आयोजन सचिव संजय त्रिपाठी, आयोजन अध्यक्ष विपुल वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।