अगर आपके पास दो लाख रुपये हैं तो राजधानी में अपने फ्लैट का सपना पूरा हो सकता है। इसके लिए आवास विकास परिषद ‘भागीदारी में किफायती आवास’ योजना लांच की है। साथ ही रायबरेली रोड स्थित वृंदावन और सुल्तानपुर रोड स्थित अवध विहार योजना में फ्लैट बनाने को डिमांड सर्वे खोल दिया है।
इसमें 14 अक्तूूबर तक आवेदन लिए जाएंगे। फ्लैट उन्हीं को मिलेगा जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इस साल की शुरुआत में कराए गए डिमांड सर्वे में डूडा नगरीय विकास अधिकरण में आवेदन किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर देने को राजधानी में किसी सरकारी विभाग की ओर से यह पहली योजना लांच की गई है। हालांकि कितने आवास बनेंगे, यह जरूरत के आधार पर तय होगा। इसके लिए परिषद पहले डिमांड सर्वे कर रही है।
आवास लेने के इच्छुक 14 अक्तूूबर तक वृंदावन योजना स्थित सम्पत्ति प्रबंधक ऑफिस कॉम्प्लेक्स सेक्टर-9 में आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जमा किए फार्म की स्वयं सत्यापित फोटोकॉपी, आधार की स्वयं सत्यापित फोटोकॉपी और रंगीन फोटो लगानी होगी। आवेदन पत्र में यह लिखकर देना होगा कि वह ‘भागीदारी में किफायती आवास’ योजना के तहत आवास लेना चाहता है। किस योजना (वृंदावन या अवध विहार) में फ्लैट चाहिए, यह भी लिखकर देना होगा।