बीकेटी। खंतारी गांव निवासी अवधेश की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में बुधवार को डीएम की अनुमित के बाद कब्र से शव निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होगा।
थाना प्रभारी शिव मंगल सिंह ने बताया कि खंतारी गांव के अवधेश रविवार रात में बेहटा से बिरयानी की दावत खाकर रात में घर लौटे थे। उन्होंने बड़े भाई जितेंद्र, चचेरे भाई मवई खंतारी के प्रधान वीरेंद्र रावत को तबीयत खराब होने और जहर खिलाने की बात बताई थी।
सोमवार तड़के उन्हें राम सागर मिश्र अस्पताल ले गए। यहां से बलरामपुर अस्पताल भेज दिया गया। सोमवार को अवधेश की मौत हो गई थी। परिजनों ने शव गांव में दफना दिया था। बाद में बिरयानी में ही जहर खिलाने का आरोप लगाकर शिकायत की। दावा है कि अवधेश की उल्टी में नशीला पदार्थ निकला था। पुलिस ने उसे जांच के लिए भेजा है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।